खोज

संत पापा लियो 14वे बोर्गो लाउदातो सी में संत पापा लियो 14वे बोर्गो लाउदातो सी में  (ANSA)

पृथ्वीदिवस संगठन, वाटिकन की ऐतिहासिक जलवायु शिक्षा प्रतिबद्धता का स्वागत करता है

पृथ्वी दिवस संगठन और वैश्विक युवा आंदोलन, अपनी आधिकारिक जलवायु नीति के केंद्र में जलवायु शिक्षा को रखने के वाटिकन के निर्णय का जश्न मनाते हैं। यह प्रतिबद्धता पेरिस समझौते के तहत वाटिकन के एनडीसी में शामिल है।

वाटिकन न्यूज

वाटिकन सिटी, बुधवार 8 अक्टूबर 2025 : वैश्विक युवा आंदोलनों के साथ, पृथ्वीदिवस संगठन ने जलवायु शिक्षा को अपनी आधिकारिक जलवायु नीति के केंद्र में रखने के परमधर्मपीठ के निर्णय का स्वागत किया है। 16 सितंबर 2025 को पेरिस समझौते के तहत वाटिकन द्वारा अपने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) प्रस्तुत करने के तुरंत बाद जारी एक बयान में, संगठन ने परमधर्मपीठ की "समग्र पारिस्थितिकी शिक्षा के प्रति अग्रणी प्रतिबद्धता" को "सशक्त नैतिक नेतृत्व और संपूर्ण काथलिक जगत के लिए एक स्पष्ट संदेश" प्रदान करने वाला बताया है।

पृथ्वी दिवस संगठन  पर्यावरण आंदोलन में दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है, जो हमारे ग्रह के लिए सकारात्मक कार्रवाई को बढ़ावा देने के लिए 192 से अधिक देशों में 1,50,000 से अधिक भागीदारों के साथ काम कर रहा है।

संगठन द्वारा जारी बयान के अनुसार, "यह क्षण जलवायु शिक्षा गठबंधन और वैश्विक युवाओं की विजय का प्रतीक है।"

काथलिक स्कूलों पर प्रभाव

जलवायु शिक्षा को प्राथमिकता देकर, "वाटिकन की सीमाओं से कहीं आगे तक फैली" प्रतिबद्धता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, वक्तव्य में पुष्टि की गई है कि परमधर्मपीठ की प्रतिबद्धता "स्कूलों, विश्वविद्यालयों और पल्लियों के अपने विशाल वैश्विक नेटवर्क पर एक व्यापक प्रभाव पैदा करेगी, जिससे लाखों लोगों के पाठ्यक्रम और सामुदायिक जीवन में समग्र पारिस्थितिकी के एकीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा।"

यह नई प्रतिबद्धता वर्षों की वकालत पर आधारित है। गठबंधन के प्रयासों को मैड्रिड में कोप25 के दौरान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली, जहाँ पृथ्वी दिवस संगठन  ने परमधर्मपीठ, इटली और मेक्सिको की सरकारों और यूएनएफसीसीसी सचिवालय के साथ एक आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "वहाँ स्थापित गठबंधन को संत पापा फ्राँसिस के शक्तिशाली पृथ्वी दिवस संदेशों ने और मजबूत किया है," और उनके ऐतिहासिक विश्वपत्र, लौदातो सी' से लेकर आज तक की निरंतरता पर प्रकाश डाला गया।

बोर्गो लौदातो सी

बयान में आगे कहा गया है कि संत पापा लियो 14वें के नेतृत्व में, यह पहल अब बोर्गो लौदातो सी के शुभारंभ के साथ मूर्त रूप ले रही है, जिसे "लौदातो सी' दृष्टि का भौतिक केंद्र" कहा गया है, जो समग्र पारिस्थितिकी में शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव के केंद्र के रूप में कार्य करता है।

"यह केवल एक नीतिगत अपडेट नहीं है; यह एक साझा दृष्टि का संस्थागतकरण है," पृथ्वीदिवस संगठन  की अध्यक्ष कैथलीन रोजर्स ने कहा।

"कोप25 से लेकर बोर्गो लौदातो सी' तक, हर कदम उन लाखों युवाओं के जुनून से प्रेरित रहा है जिनके साथ हम साझेदारी करते हैं। उन्होंने जलवायु शिक्षा के एक साधारण अनुरोध को एक निर्विवाद वैश्विक जनादेश में बदल दिया। यह उनकी जीत है।"

परमधर्मपीठ को पूर्ण समर्थन

भविष्य की ओर देखते हुए पृथ्वीदिवस संगठन ने पुष्टि की कि वह "जलवायु शिक्षा को आगे बढ़ाने में सरकारों की सहायता करने के अपने मिशन के हिस्से के रूप में, इस अभूतपूर्व प्रतिबद्धता के कार्यान्वयन के लिए होली सी को अपना पूर्ण समर्थन प्रदान करना जारी रखेगा"।

संगठन ने कहा कि अर्जेंटीना, कंबोडिया, कोलंबिया, कोस्टा रिका, डोमिनिकन गणराज्य, जॉर्जिया, केन्या और यूनाइटेड किंगडम जैसे देशों ने भी इसी तरह की प्रतिबद्धताएं व्यक्त की हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

08 अक्तूबर 2025, 17:09