पोप लियो 14वें के साथ कार्डिनल गण पोप लियो 14वें के साथ कार्डिनल गण   (ANSA)

वाटिकन ने कार्डिनलों के साथ पोप की कंसिस्ट्री की सूची जारी की

पोप लियो 14वें 26 – 27 जून को कार्डिनल मंडल के साथ एक असाधारण सभा (कंसिस्ट्री) में भाग लेंगे, जो कलीसिया एवं दुनिया की वर्तमान स्थिति पर केंद्रित होगी, जहाँ शांति की खोज और सिनॉडालिटी को लागू करने पर ध्यान दिया जाएगा।

वाटिकन न्यूज

वाटिकन प्रेस कार्यालय ने कलीसिया के संरक्षक संत पेत्रुस एवं संत पौलुस के महापर्व से ठीक पहले 26-27 जून के लिए निर्धारित कार्डिनलों की असाधारण सभा (कंसिस्ट्री) के लिए कार्यक्रम जारी किया है।

पोप लियो 14वें जब कार्डिनलों से मिलेंगे, तो वे दुनिया को प्रभावित करनेवाले संघर्षों जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे और बात करेंगे कि कलीसिया को शांति एवं मेल-मिलाप लाने की भाषा और दृष्टिकोण के माध्यम से कैसे संवाद करना चाहिए।

जनवरी में हुई बैठक, जिसमें दुनियाभर से 170 कार्डिनल निर्वाचक और गैर-निर्वाचक एक साथ आए थे, उसके बाद यह पोप लियो 14वें की दूसरी कंसिस्टरी सभा होगी।

उस कंसिस्टरी के अंत में, पोप ने जून की सभा की घोषणा की थी, और कार्डिनलों से कहा था कि “मुझे आप पर भरोसा करने की जरूरत महसूस होती है।”

वाटिकन प्रेस कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, यह कार्य “सिनोडल” तरीके से होगा, जिसमें प्रार्थना, मौन, व्यक्तिगत चिंतन, दलों में बातचीत और एक साथ सभा के सत्र शामिल होंगे।

कार्डिनलों से कहा गया है कि वे हॉल में होनेवाली बातों को “गोपनीय” रखें और कंसिस्टरी के दौरान प्रेस को कोई बयान न दें, ताकि भाईचारे का माहौल बना रहे।

चिंतन के चार सत्र

भाग लेनेवालों को 20 दलों में विभक्त किया जाएगा। नौ दलों में चुनाव में भाग लेनेवाले कार्डिनल शामिल होंगे जो ऑर्डिनरी हैं, उनमें प्रेरितिक राजदूत और ऐसे कार्डिनल भाग लेंगे, जिन्होंने ऑर्डिनरी के रूप में अपनी सेवा  पूरी कर ली है।

बाकी ग्यारह दलों में रोमी परमाध्यक्षीय कार्यालय के कार्डिनल निर्वाचक और निर्वाचन में शामिल नहीं होनेवाले कार्डिनल होंगे।

हर दल में एक अध्यक्ष होगा, जो चर्चा को संचालित करेगा और समय का ध्यान रखेगा, साथ ही एक सचिव होगा, जो योगदान इकट्ठा करेगा और दल की फाइनल रिपोर्ट का ड्राफ्ट तैयार करेगा।

कंसिस्टरी शुक्रवार, 26 जून को संत पेत्रुस महागिरजाघर में पवित्र मिस्सा के साथ शुरू होगी, जिसकी अध्यक्षता पोप लियो 14वें करेंगे।

इसके बाद कार्डिनल उद्घाटन सत्र के लिए पोप पौल छटवें हॉल जाएंगे, जहाँ पवित्र आत्मा का आह्वान किया जाएगा, कार्डिनल मंडल के डीन, कार्डिनल जोवानी बतिस्ता रे के भाषण और पोप के शुरुआती भाषण से शुरू होगा।

पहला सत्र इस सवाल पर केंद्रित होगा: “किस तरह की दुनिया में हमें सुसमाचार का प्रचार करने के लिए बुलाया गया है?” क्राकोव के महाधर्माध्यक्ष, कार्डिनल ग्रेगोर्ज़ रायस, बाइबिल पर आधारित चिंतन देंगे, जिसके बाद मौन, प्रार्थना, दल में शेरिंग और सभा में रिपोर्ट होंगी।

शुक्रवार दोपहर को, दूसरे सत्र में “सत्ता की संस्कृति और प्यार की सभ्यता” विषयवस्तु पर बात होगी। कार्डिनल विक्टर मैनुएल फर्नांडीज, जो विश्वास के सिद्धांत के लिए विभाग के प्रीफेक्ट हैं, मनिफिका उमानितास के अध्याय 5 से विषय का परिचय प्रस्तुत करेंगे।

आमहित का निर्माण

शनिवार सुबह, संत पेत्रुस महागिरजाघर में कार्डिनल रे की अध्यक्षता में ख्रीस्तयाग के बाद, कार्डिनलगण पॉल षष्ठम सभागार में अपना काम फिर से शुरू करेंगे।

तीसरा सत्र, जिसका शीर्षक होगा “अच्छाई में निर्माण: हमारे समय के काम करने की जगह”, इसका परिचय जोहान्सबर्ग के महाधर्माध्यक्ष और दक्षिणी अफ्रीका के काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष कार्डिनल स्टीफन ब्रिसलिन देंगे।

चर्चा उन दरारों पर फोकस करेगी जो आम भलाई के निर्माण में कठिनाई उत्पन्न करती हैं, लोगों और समुदायों से उठनेवाले सवाल, तथा स्थानीय कलीसिया एवं विश्वव्यापी कलीसिया क्या समर्थन दे सकती हैं।

चौथा और अंतिम सत्र शनिवार दोपहर को नये सिनॉड हॉल में होगा और यह “सिनॉड को लागू करने के रास्ता” को समर्पित होगा। सिनॉड के महासचिव कार्डिनल मारियो ग्रेच, विषयवस्तु का परिचय देंगे, जिसकी शुरुआत 'सिनॉडल सभा 2027-2028 की ओर: चरण, मापदण्ड, और तैयारी के लिए साधन' डॉक्यूमेंट से होगी।

सत्र में स्पष्टीकरण के सवाल, पोप लियो 14वें के साथ बातचीत, और तीन मिनट के लिए स्वतंत्र हस्ताक्षेप  शामिल होंगे।

पोप के अंतिम भाषण के साथ कंसिस्टरी खत्म होगी, जिसके बाद धन्यवाद भजन गाया जाएगा और पॉल षष्ठम सभागार में पोप के साथ शाम का भोजन होगा।

सोमवार, 29 जून को पोप लियो 14वें, प्रेरित संत पेत्रुस और पौलुस के महापर्व के अवसर पर संत पेत्रुस महागिरजाघर में ख्रीस्तयाग की अध्यक्षता करेंगे।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

23 जून 2026, 16:17