विश्वव्यापी प्रार्थना नेटवर्क के नये विनियम जारी विश्वव्यापी प्रार्थना नेटवर्क के नये विनियम जारी 

विश्व्यापी प्रार्थना नेटवर्क ने किये नये विनियम जारी

सार्वभौमिक काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष के विश्वव्यापी प्रार्थना नेटवर्क ने गुरुवार, 19 मार्च को सन्त योसफ के पर्व दिवस पर अपने नए सामान्य विनियम जारी किये।

वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 20 मार्च 2026 (रेई, वाटिकन रेडियो): सार्वभौमिक काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष के विश्वव्यापी प्रार्थना नेटवर्क ने गुरुवार, 19 मार्च को सन्त योसफ के पर्व दिवस पर अपने नए सामान्य विनियम जारी किये।

बयान

प्रार्थना नेटवर्क संस्था की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि यह दस्तावेज़ “पहचान, मिशन और संरचना की एक सुसंघटित और आधुनिक दृष्टि प्रदान करता है” और इस तथ्य को स्पष्ट करता  है कि प्रार्थना नेटवर्क संस्था की प्रकृति “कलीसिया के अन्तर में मात्र एक और अभियान” नहीं है, बल्कि “सन्त पापा और उन सभी लोगों की सीधी सेवा में एक सार्वभौमिक नेटवर्क है जो प्रार्थना और सेवा के ज़रिए उनसे जुड़ते हैं।”

बयान में इस बात पर ज़ोर दिया गया है कि सन्त योसफ के पर्व दिवस  पर घोषणा की तारीख “कोई इत्तेफ़ाक नहीं है”  अपितु यह इसलिये कि सन्त योसफ येसु धर्मसमाज के संरक्षक संत हैं, जिसे सन्त पापा ने इस परमधर्मपीठीय मिशन का प्रेरितिक प्रशासन सौंपा है।

फादर क्रिस्टोबल फोन्स

विश्वव्यापी प्रार्थना नेटवर्क संस्था के अन्तरराष्ट्रीय निर्देशक येसु धर्मसमाजी फादर क्रिस्टोबल फोन्स ने कहा कि नये सामान्य विनियमों का प्रकाशन “उस मिशन की लगातार याद दिलाता है जो सन्त पापा ने हमें सौंपा है और जिसके प्रति हम सम्पूर्ण विश्व में वफ़ादार बने रहना चाहते हैं।”

प्रार्थना नेटवर्क संस्था की सेवा रोम में मौजूद वाटिकन न्यास और विश्व के 90  से अधिक देशों में मौजूद दो करोड़ 20 लाख लोगों के नेटवर्क के ज़रिए की जाती है।

नए विनियमों की संरचना

नये विनियम चार भागों में विभाजित हैं, प्रथम, वाटिकन न्यास के तौर पर काम की पहचान और प्रकृति को दर्शाता है। दूसरा, इसके अन्तरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, धर्मप्रान्तीय और सामुदायिक संरचना के बारे में बताता है।  

तीसरा भाग, भागीदारी के तौर-तरीकों के बारे में बताता है और अन्ततः, चौथा भाग नाबालिगों और कमज़ोर वयस्कों की सुरक्षा एवं बचाव के लिए एक सामान्य ढाँचा प्रस्तुत करता है, जो सम्पूर्ण प्रार्थना नेटवर्क के लिए ज़रूरी सुव्यवस्थित प्रणाली, रचनात्मक, और प्रक्रियात्मक मानदंड के ज़रिए होता है, जिससे तालमेल, पारदर्शिता और उत्तरदायित्वता सुनिश्चित की जा सके।

प्रार्थना नेटवर्क संस्था के बयान में कहा गया कि रोम स्थित वाटिकन न्यास स्थानीय धर्मप्रान्तों के साथ सम्वाद और प्रार्थना में साथ मिलकर इस सार्वभौमिक मिशन का संचालन करता है जिससे इसकी सार्वभौमिक प्रकृति को बरकरार रखने में मदद मिलती है।  

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

20 मार्च 2026, 11:00