वेनेजुएला के विश्वासियों से कार्डिनल पारोलिन : न्याय की नींव पर निर्माण करें
वाटिकन न्यूज
वाटिकन सिटी, मंगलवार 21 अक्टूबर 2025 : वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन ने संत जोस ग्रेगोरियो हर्नांडेज़ सिस्नेरोस और संत मारिया कारमेन रेंडाइल्स मार्टिनेज के संत घोषित होने पर धन्यवाद ज्ञापन किया और वेनेज़ुएला की कलीसिया की खुशी में खुद भी शामिल हुए, जहाँ उन्होंने पाँच साल तक प्रेरितिक राजदूत के रूप में सेवा की थी। उन्होंने कहा, "कल संत पेत्रुस महागिरजाघऱ में हमने जो खुशी महसूस की, उससे हमारा दिल भर आया है: वेनेज़ुएला को अब अपने पहले संत मिल गए हैं। एक नहीं, बल्कि दो - सभी के लिए संत।" वेनेज़ुएला ऑर्केस्ट्रा सिस्टम के सिमोन बोलिवर गायक मंडली के साथ, पवित्र मिस्सा समारोह में वेनेज़ुएला के धर्माध्यक्षों, पुरोहितों, नागर अधिकारियों और लोकधर्मियों ने भाग लिया।
उपचारात्मक उपस्थिति और महिला प्रतिभा
इशायाह 58:6-11 पर विचार करते हुए, कार्डिनल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे दोनों संत भूखों को रोटी बाँटने, बेघरों को आश्रय देने, नंगे लोगों को कपड़े पहनाने और पीड़ितों की देखभाल करने के आह्वान पर प्रतिक्रिया देते हैं। कार्डिनल पारोलिन ने कहा, "संत जोस ग्रेगोरियो हर्नांडेज़ सड़कों पर औषधि का प्रकाश और सांत्वना का मरहम लेकर घूमते थे। कई लोगों ने कहा कि उनकी मात्र उपस्थिति ही लोगों को चंगा कर देती है।" उन्होंने आगे कहा कि संत मारिया कारमेन, वेनेजुएला की महिलाओं की शक्ति का प्रतीक हैं, जो काम कर रही हैं, निर्माण कर रही हैं और नई पीढ़ियों तक विश्वास पहुँचा रही हैं।
1 योहन 3:14-18 को याद करते हुए, उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि "केवल अपने भाइयों से प्रेम करके ही हम मृत्यु से जीवन में प्रवेश कर सकते हैं। जो प्रेम नहीं करता वह मृत्यु में ही रहता है।" उन्होंने कहा कि यही वह संदेश है जिसे दोनों संतों ने वीरतापूर्वक जिया और अब विश्वासियों को अनुसरण करने के लिए कहते हैं।
वेनेज़ुएला के लिए एक आह्वान
कार्डिनल पारोलिन ने कहा "केवल प्रभु की बात सुनकर ही, वेनेज़ुएला मृत्यु से जीवन की ओर बढ़ सकता है, अन्यायपूर्ण दबावों को तोड़ सकता है, उत्पीड़ितों को मुक्त कर सकता है, और न्याय, सत्य, स्वतंत्रता और प्रेम पर आधारित शांति का निर्माण कर सकता है।" उन्होंने देश से आग्रह किया कि वह मुलाकात के लिए जगह बनाए, एकजुटता को प्राथमिकता दे और अपनी चुनौतियों के लिए साझा समाधान खोजे, और सभी सार्वजनिक कार्यों का उद्देश्य सर्वहित हो।
संतों से प्रार्थना
उपदेश का समापन करते हुए, कार्डिनल पारोलिन ने संत घोषणा को एक काइरोस, यानी इस मार्ग पर चलने का एक उपयुक्त क्षण बताया। "इसे व्यर्थ न जाने दें। नए संत आपकी मध्यस्थता करें ताकि आप आशा और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ते रहें।" उन्होंने आह्वान किया: "संत जोस ग्रेगोरियो और संत मदर कारमेन, हमारे लिए प्रार्थना करें!"
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here