सन्त पापा लियो की रिमीनी यात्रा पर धर्माध्यक्ष
वाटिकन सिटी
रिमीनी, शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 (रेई, वाटिकन रेडियो): इटली के रिमीनी शहर में कम्यूनियन एन्ड लिबरेशन शीर्षक से प्रतिवर्ष आयोजित किये जानेवाले अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन का नेतृत्व करने इस वर्ष सन्त पापा लियो 14 वें भी शनिवार को रिमीनी शहर का दौरा कर रहे हैं, जहाँ उनके दर्शन को दो लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।
कम्यूनियन एन्ड लिबरेशन
47 वें कम्यूनियन एन्ड लिबरेशन सम्मेलन के सह-आयोजक रिमीनी के काथलिक धर्माध्यक्ष निकोलो आन्सेल्मी ने कहा कि निश्चित रूप से सन्त पापा की उपस्थिति युवाओं में तथा दूर-दूर से उनके दर्शन हेतु पहुँचे उत्सुक लोगों में अपनी छाप छोड़ेगी।
धर्माध्यक्ष ने कहा कि इटली, यूरोप एवं विदेशों से भी एमिलिया-रोमान्या प्रान्त में इस समय ग्रीष्मकालीन अवकाश काल बिताने के लिये बहुत से श्रद्धालु एवं पर्यटक उपस्थित हैं जिससे रिमीनी शहर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। प्राप्त समाचारों के अनुसार, इस समय एमिलिया-रोमान्या प्रान्त में लगभग 70 से 80 लाख पर्यटक उपस्थित हैं।
सन्त पापा की उपस्थिति से आशा
इस सन्दर्भ में, धर्माध्यक्ष निकोल आन्सेल्मी ने कहा, कि हालांकि सभी पर्यटक सन्त पापा के दर्शन को एकत्र नहीं होंगे फिर भी कलीसिया के लिये यह स्वागत-सत्कार, सम्वाद और एक साथ मिलकर रहने का साक्ष्य प्रदान करने का सुअवसर है। धर्माध्यक्ष आन्सेल्मी ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के समय कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ धार्मिक समारोहों का भी आयोजन किया जाता है किन्तु इस वर्ष सन्त पापा लियो की उपस्थिति इन समारोहों को विशेष रौनक प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, "मेरा विचार है कि सन्त पापा की उपस्थिति लोगों को और विशेषकर युवाओं को प्रोत्साहित करेगी और उनमें आशा का संचार करेगी, क्योंकि पहले से कहीं अधिक आज युवाओं प्रोत्साहन की ज़रूरत है ताकि वे सहअस्तित्व एवं शांति पूर्ण समाज के निर्माण के लिये तैयार हो सकें।"
धर्माध्यक्ष आन्सेलमी के अनुसार, शनिवार 22 अगस्त को, समुद्र तट पर सन्त पापा लियो के नेतृत्व में आयोजित ख्रीस्तयाग समारोह में लगभग दो लाख श्रद्धालु उपस्थित होंगे जबकि रिमीनी के काथलिक महागिरजाघर में 650 श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। धर्माध्यक्ष ने बताया कि यूखारिस्त इस सम्पूर्ण दिवस का सबसे महत्वपूर्ण क्षण होगा। सन्त पापा लियो 14 वें से पूर्व सन् 1982 में सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय ने रिमीनी की प्रेरितिक यात्रा की थी।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.
