खोज

स्पेन की प्रेरितिक यात्रा के लिए संत पापा  फ्यूमिचिनो हवाईअड्डे में विमान पर स्पेन की प्रेरितिक यात्रा के लिए संत पापा फ्यूमिचिनो हवाईअड्डे में विमान पर  (ANSA)

संत पापा लियो 14वें स्पेन की प्रेरितिक यात्रा पर निकले

संत पापा लियो 14वें यूरोपीय देश स्पेन की प्रेरितिक यात्रा पर निकले, जिसमें वे मैड्रिड, बार्सिलोना और कानारी आइलैंड जाएंगे। यह यात्रा 12 जून को समाप्त होगी।

वाटिकन न्यूज

वाटिकन सिटी, शनिवार 06 जून 2026 : संत पापा लियो 14वें और पत्रकारों को लेकर ITA एयरवेज़ विमान आज शनिवार सुबह 8:13 बजे पर रोम के फ्यूमिचिनो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा से स्पेन के लिए रवाना हुआ।

विमान सुबह 10:30 AM बजे मैड्रिड-बाराजस एडोल्फो सुआरेज़ हवाईअड्डा पर उतरेगा।

मैड्रिड में संत पापा लियो का कार्यक्रम राजभवन में एक आधिकारिक स्वागत समारोह के साथ शुरू होगा, जिसके बाद दोपहर में स्पेन के राजा फिलिप षष्टम  और रानी लेतिज़िया से औपचारिक मुलाकात होगी। दोपहर 12:30 बजे, संत पापा राजभवन में नागर समाज के अधिकारियों और राजनायिकों से मिलेंगे।

शाम को 6 बजे,संत  पापा सोशल प्रोजेक्ट “सेडिया 24 होरस” में काम करने वालों और मदद पाने वालों से मुलाकात करेंगे और शाम को 8:30 बजे, पोप लियो मैड्रिड के प्लाज़ा दे लीमा में युवाओं के साथ एक जागरण प्रार्थना की अध्यक्षता करेंगे।

उसी दिन, संत पापा संत अगुस्टीन धर्मसमाज के अपने भाइयों से अकेले में मिलेंगे और बाद में मैड्रिड के मोविस्टार एरिना में संस्कृति, कला, बिज़नेस और खेल के प्रतिनिधियों के साथ एक मीटिंग में भाग लेंगे।

सोमवार को, संत पापा सुबह स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ से मिलेंगे, उसके बाद कांग्रेस ऑफ़ डेप्युटीज़ में पार्लियामेंट के सदस्यों को संबोधित करेंगे। फिर वे स्पानी धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के मुख्यालय में धर्माध्यक्षों से मिलेंगे। शाम को, संत पापा बर्नब्यू स्टेडियम में स्थानीय धर्मप्रांत के समुदाय से मिलेंगे।

मंगलवार को, संत पापा लियो बार्सिलोना जाएँगे। वे बार्सिलोना के महागिरजाघऱ में दोपहर के देवदूत प्रार्थना की अगुवाई करेंगे और शाम को लुइस कंपनीज़ ओलंपिक स्टेडियम में एक जागरण प्रार्थना की अध्यक्षता करेंगे।

बुधवार को, संत पापा एक जेल जाएंगे, मोंटसेरात के एबे में रोज़री प्रार्थना करेंगे और वहां बेनेडिक्टिन समुदाय के साथ दोपहर का भोजन करेंगे, फिर बार्सिलोना लौटकर धर्मप्रांतीय चारिटी और कल्याणकारी संस्थाओं के साथ मीटिंग करेंगे।

बुधवार शाम प्रेरितिक यात्रा का एक खास क्षण होगा, जब संत पापा लियो सागरदा फ़मिलिया महागिरजाघर जाएंगे, जिसे मशहूर कातालान आर्किटेक्ट आदरणीय अंतोनी गौदी ने डिज़ाइन किया था, जिनकी विरासत को इस साल उनकी मौत की सौवीं सालगिरह पर याद किया जा रहा है। संत पापा बेनेडिक्ट सोलहवें ने 2010 में इस महागिरजाघऱ को आशीष दिया था।

संत पापा लियो महागिरजाघऱ के सबसे ऊंचे टावर, येसु ख्रीस्त टावर को आशीष देंगे।

गुरुवार को, संत पापा अफ्रीका के उत्तर-पश्चिमी तट पर कानारी आइलैंड के लिए उड़ान भरेंगे, जो यूरोप जाने वाले प्रवासियों के लिए एक बड़ा समुद्री प्रवेश मार्ग है। लास पाल्मास डे ग्रैन कानरिया और सांता क्रूज़ डे टेनेरिफ़ में, संत पापा मिस्सा समारोह का अनुष्ठान करेंगे और प्रवासी स्वागत केंद्र और मदद के लिए फ्रंट लाइन पर काम करने वालों से मिलेंगे।

कानारी आइलैंड में अपना कार्यक्रम समाप्त करने के बाद, संत पापा लियो शुक्रवार शाम को रोम लौटने के लिए अपने विभान में सवार होंगे।

विमान से टेलीग्राम

संत पापा ने इटली गणतंत्र के राष्ट्रपति, सरजो मत्तरेल्ला को अपने अभिवादन में इटली देश की भलाई और खुशहाली के लिए दिल से प्रार्थनाओं का भरोसा दिलाया। टेलीग्राम में उन्होंने याद दिलाया कि स्पेन की उनकी यात्रा "कुंवारी माता मरियम की ममता भरी नज़र में है जो हमारा स्वागत करती हैं और हमें ईश्वर की ओर ले जाती हैं, जो सभी लोगों के लिए एकता और उम्मीद का ज़रिया हैं।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

06 जून 2026, 09:42