समग्र मानव विकास को बढ़ावा देनेवाले परमधर्मपीठीय विभाग की नई अध्यक्ष सिस्टर अलेसांद्रा स्मेरिली समग्र मानव विकास को बढ़ावा देनेवाले परमधर्मपीठीय विभाग की नई अध्यक्ष सिस्टर अलेसांद्रा स्मेरिली   (AFP or licensors)

सिस्टर स्मेरिली समग्र मानव विकास विभाग की अध्यक्ष नियुक्त हुईं

पोप लियो 14वें ने वाटिकन के समग्र मानव विकास विभाग के संचालन हेतु सिस्टर अलेसांद्रा स्मेरिली को अध्यक्ष, कार्डिनल फाबियो बाजो को प्रो-प्रीफेक्ट, और मोनसिन्योर जोसेफ बारलाश को विभाग का सचिव नियुक्त किया है, और ये तीनों नियुक्तियाँ 1 सितंबर 2026 से लागू होंगी।

वाटिकन न्यूज

वाटिकन सिटी, मंगलवार, 30 जून 2026 (रेई) : पोप लियो 14वें ने समग्र मानव विकास को बढ़ावा देनेवाले परमधर्मपीठीय विभाग के लिए नये अधिकारियों की नियुक्ति की, जिनमें सिस्टर अलेसांद्रा स्मेरिली को प्रीफेक्ट, कार्डिनल फाबियो बाजो को लौदातो सी उच्च शिक्षा केंद्र की खास जिम्मेदारी के साथ प्रो-प्रीफेक्ट और मोनसिन्योर जोसेफ बारलाश को सचिव नियुक्त किया गया है।

तीनों नियुक्तियों की घोषणा 30 जून को हुई और ये 1 सितंबर 2026 से लागू होंगी।

डॉन बॉस्को की सेलेशियन धर्मबहन, सिस्टर अलेसांद्रा स्मेरिली 2021 से विभाग की सचिव के रूप में कार्यरत थीं जो अब अध्यक्ष के रूप में विभाग का संचालन करेंगी। वे कार्डिनल माइकल चरणी की जगह लेंगी, जो 2022 से विभाग के प्रीफेक्ट हैं।

कार्डिनल फाबियो बाजो जिनकी नियुक्त प्रो प्रीफेक्ट के रूप में हुई है विभाग के उप-सचिव के रूप में काम कर चुके हैं। अपनी नई भूमिका में, कार्डिनल बाजो को लौदातो सी उच्च शिक्षा केंद्र की खास जिम्मेदारी दी गई है, जो सृष्टि की देखभाल से प्रेरित होकर समग्र मानव विकास को बढ़ावा देने के लिए परमधर्मपीठ की लगातार प्रतिबद्धता को दिखाता है।

मोनसिग्नोर जोसेफ बारलाश, जिन्हें पोप ने समग्र मानव विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया है, विभाग में अब तक उप सचिव के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे।  

इन नियुक्तियों के साथ समग्र मानव विकास विभाग के संचालन हेतु नई टीम पूरी हो गई है, यह वाटिकन का वह विभाग है जो न्याय और शांति, आप्रवासन, स्वास्थ्य देखभाल, परोपकार, सृष्टि की देखभाल और दुनिया भर में मानव गरिमा को बढ़ावा देने के क्षेत्रों में कलीसिया के काम को आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेदार है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

30 जून 2026, 12:50