संत पापा लियो 14वे ने उस जगह पर प्रार्थना की जहाँ संत पापा जॉन पॉल द्वितीय को गोली मारी गई थी
वाटिकन न्यूज़
वाटिकन सिटी, बुधवार 13 मई 2026 : 13 मई को बुधवारीय आम दर्शन समारोह शुरू होने से पहले, संत पापा लियो 14वें पापामोबाइल में विश्वासियों का अभिवादन करते हुए बीच से गुज़र रहे थे और वे उसी जगह पर पापामोबाइल से नीचे उतरे, घुटने टेककर उस विशेष स्थान का स्पर्श किया और कुछ देर मौन प्रार्थना की, जहाँ ठीक इसी दिन 1981 में संत पापा जॉन पॉल द्वितीय पर जानलेवा हमला हुआ था।
समारोह के दौरान संत पापा ने इंग्लिश बोलने वालों का अभिवादन करते हुए कहा, "आज हम फातिमा की माता मरियम के पर्व दिवस पर याद करते हैं। आज ही के दिन, 45 साल पहले, संत पापा जॉन पॉल द्वितीय पर जानलेवा हमला हुआ था, और इन्हीं वजहों से, मैंने आज अपना धर्मोपदेश धन्य कुंवारी मरिया को समर्पित किया है।"
इस जगह पर एक सफ़ेद संगमरमर का प्लेट लगा है, जिस पर संत पापा जॉन पॉल द्वितीय का कोट ऑफ़ आर्म्स जड़ा हुआ है, और इसे पत्थरों के बीच रखा गया है। हत्या की कोशिश के बाद, संत पापा जॉन पॉल द्वितीय ने बार-बार यह यकीन दिलाया कि कुंवारी मरिया की दुआ से उनकी जान बच गई थी।
इस बारे में, पुर्तगाली तीर्थयात्रियों को अपने अभिवादन में, संत पापा लियो ने सभी को फातिमा की माता मरिया के तीर्थालय की ओर देखने के लिए कहा, जहाँ उन्होंने "तीन चरवाहे बच्चों को शांति का संदेश दिया था।"
"उस जगह पर, जो ख्रीस्तियों को बहुत प्यारी है, आज सभी पाँच महाद्वीपों से कई तीर्थयात्री इकट्ठा होते हैं: उनकी मौजूदगी हमारे समय के लोगों के बीच सांत्वना, एकता और उम्मीद की ज़रूरत का संकेत है। आइए, हम दुनिया के हर हिस्से से, खासकर युद्ध से परेशान लोगों से उठ रही शांति और मेल-जोल की पुकार को कुंवारी मरिया के निष्कलंक हृदय को सौंप दें। सभी को मेरा आशीर्वाद!"
संत पापा जॉन पॉल द्वितीय पर हमला
संत पापा जॉन पॉल दवितीय 13 मई, 1981 को एक खुली सफ़ेद जीप से आम दर्शन समारोह से पहले भक्तों का अभिवादन कर रहे थे, तभी उन पर पास से गोलियाँ चलाई गईं। संत पापा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत रोम के जेमेली अस्पताल ले जाया गया।
वाटिकन प्रेस ऑफिस से जारी एक बयान में बाद में पुष्टीकृत किया गया कि संत पापा के पेट में गोली लगी थी और जेमेली अस्पताल में उनका सर्जरी हो रहा था। बयान में यह भी कहा गया कि, हालांकि उनकी हालत गंभीर थी, फिर भी "ठीक होने की पक्की उम्मीदें थीं।"
चार दिन बाद, अस्पताल से स्वर्ग की रानी प्रार्थना के दौरान, संत पापा जॉन पॉल द्वितीय ने भक्तों को संबोधित किया और हमले के लिए ज़िम्मेदार आदमी मेहमत अली अगाका को सबके सामने माफ़ करने की बात कही।
उन्होंने हमलावर के लिए अपनी प्रार्थनाओं का भरोसा दिलाया और खुद को एक बार फिर कुंवारी मरिया के सिपुर्द कर दिया, इन शब्दों के साथ: "मैं सिर्फ तुम्हारा हूँ।"
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
