वाटिकन ने संत पापा लियो 14वें की स्पेन की प्रेरितिक यात्रा का कार्यक्रम जारी किया
वाटिकन न्यूज
वाटिकन सिटी, बुधवार 6 मई 2026 : वाटिकन प्रेस ऑफिस ने बुधवार को संत पापा की 6 से 12 जून तक स्पेन की आने वाली प्रेरितिक यात्रा के कार्यक्रम की पुष्टि की, जिसमें बारह भाषण, चार मिस्सा समारोह और राजनीतिक, कलीसिया और नागर नेताओं के साथ लगभग दस मीटिंग होंगी।
वे तीन मुख्य जगहों में रुकेंगे : मैड्रिड, बार्सिलोना और कैनरी आइलैंड्स।
संत पापा लियो14वे 6 जून को स्पेन की राजधानी पहुँचेंगे, और राज भवन में किंग फिलिप VI उनका स्वागत करेंगे। फिर वे सरकारी अधिकारियों, सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों और राजनायिक कोर से मिलेंगे। उस शाम, वे सेंट्रल मैड्रिड के प्लाज़ा डे लीमा में युवाओं के साथ एक प्रार्थना सभा का नेतृत्व करेंगे।
अगले दिन, कॉर्पस क्रिस्टी के पर्व पर, संत पापा मशहूर प्लाज़ा डे सिबेल्स में पवित्र मिस्सा का अनुष्ठान करेंगे, संत अगुस्टीन धर्मसमाज के सदस्यों से अकेले में मिलेंगे और बाद में मैड्रिड के मोविस्टार एरिना में संस्कृति, कला, व्यपार और खेल के प्रतिनिधियों के साथ एक मीटिंग में भाग लेंगे।
सोमवार, 8 जून को, संत पापा सुबह स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ से मिलेंगे, और फिर कांग्रेस ऑफ़ डेप्युटीज़ में संसद के सदस्यों को संबोधित करेंगे। फिर वे स्पानी धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के हेडक्वार्टर में धर्माध्यक्षों से मिलेंगे और शाम को बर्नब्यू स्टेडियम में स्थानीय धर्मप्रांतीय समुदाय से मिलेंगे।
सागरदा फ़मिलिया के टावर का उद्घाटन
संत पापा 9 जून को बार्सिलोना जाएंगे, जहां वे अपनी यात्रा के खास पलों में से एक के लिए जाएंगे: सागरदा फ़मिलिया महागिरजाघर के सबसे ऊंचे टावर का उद्घाटन और आशीष देंगे।
यह टावर, महागिरजाघऱ का सबसे ऊंचा टावर है, जो उस मशहूर गिरजाघऱ का ताज है, जिसे 16 साल पहले संत पापा बेनेडिक्ट सोलहवें ने आशीष दिया था। इसे अक्सर “पत्थर में बनी बाइबिल” कहा जाता है, इस महागिरजाघऱ को मशहूर कैटलन आर्किटेक्ट अंतोनी गौडी ने डिजाइन किया था, जिनकी विरासत को इस साल उनकी मौत की सौवीं सालगिरह पर याद किया जा रहा है।
प्रवासन और कैनरी आइलैंड्स
धार्मिक समारोहों और आधिकारिक समारोह के साथ, संत पापा एक बार फिर पिछड़े समुदायों के लिए अपनी चिंता दिखाएंगे। मैड्रिड में, वे एक बेघर आश्रय और बार्सिलोना में एक जेल जाएंगे।
11 जून को, संत पापा कैनरी आइलैंड्स के लिए उड़ान भरेंगे, जो अफ्रीका के उत्तर-पश्चिमी तट पर ज्वालामुखी वाले आइलैंड हैं और यूरोप जाने वाले प्रवासियों के लिए एक बड़ा समुद्री प्रवेश द्वार का काम करते हैं। लास पाल्मास डे ग्रैन कैनरिया में वे पवित्र मिस्सा का अनुष्ठान करेंगे और प्रवासियों का स्वागत और मदद के लिए प्रथम लाइन पर काम करने वालों की हिम्मत बढ़ाएंगे।
इसके बाद वे 12 जून को शाम को वाटिकन लौटने से पहले सांता क्रूज़ डे टेनेरिफ़ के बंदरगाह पर अपना अंतिम पवित्र मिस्सा का अनुष्ठान करेंगे।
संत पापा बेनेडिक्ट सोलहवें की यात्रा के पंद्रह साल बाद, स्पेन में कलीसिया संत पापा लियो 14वें का बेसब्री से इंतज़ार कर रही है। जब फरवरी के अंत में पहली बार इस दौरे की घोषणा की गई थी, तो स्पेनी धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष, महाधर्माध्यक्ष लुइस अर्गुएलो ने एक वीडियो संदेश में धर्माध्यक्षों की खुशी ज़ाहिर की थी, और विश्वासियों को संत पापा का स्वागत करने के लिए "अपने कान और दिल खोलने" हेतु आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि संत पापा लियो 14वें की यात्रा का मतलब है, “भाइयों और बहनों को कलीसिया के विश्वास में पक्का करना, जो फिर हमारे समुदायों के ठोस जीवन में उम्मीद और दया बन जाता है।”
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
