संत पापा लियो 14वें को ‘लिबेरी सोत्तो ला ग्राजिया’ किताब की पहली कॉपी मिली
वाटिकन न्यूज़
वाटिकन सिटी, सोमवार 04 मई 2026 : ‘लिबेरी सोत्तो ला ग्राजिया’ (कृपा से मुक्ति) (वाटिकन पब्लिशिंग हाउस) किताब का इटालियन संस्करण संत पापा लियो 14 को दिया गया है। यह किताब उस समय के उन लेखों का एक संग्रह है, जब संत पापा लियो 14वें, फादर रॉबर्ट प्रीवोस्ट के तौर पर, संत अगुस्टीन धर्मसमाज के प्रायर जनरल (2001–2013) के पद पर थे।
इटालियन संस्करण की पहली कॉपी, जो सोमवार, 4 मई से किताब दुकानों में मिलेगी, संत पापा लियो 14वें को संत अगुस्टीन धर्मसमाज के वर्तमान प्रायर जनरल फादर जोसेफ फैरेल ने दी, जिन्होंने संस्करण के प्रकाशन को बढावा दिया। उनके साथ वाटिकन अपोस्टोलिक आर्काइव के प्रीफेक्ट और किताब के संपादकों में से एक अगुस्टीनियन फादर रोको रोंज़ानी और वाटिकन पब्लिशिंग हाउस के संपादकीय निदेशक लोरेंजो फसीनी भी थे। फादर रोंज़ानी के अलावा, किताब को फादर मिगुएल एंजेल मार्टिन जुआरेज़ और फादर माइकल दी ग्रेगोरियो, दोनों अगुस्टीनियन पुरोहितों ने भी संपादित किया था।
यह किताब आने वाले महीनों में कई भाषाओं में प्रकाशित होगी और अभी दुनिया भर के 30 देशों में इसका अनुवाद किया जा रहा है। जैसा कि अक्टूबर 2025 में फ्रैंकफर्ट अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेला में वाटिकन पब्लिशिंग हाउस ने पहले ही घोषणा की थी, कि यह किताब - जिसमें पहली बार रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट के भाषण, प्रवचन, चिट्ठियां और संदेश एक साथ लाए गए हैं – संत पापा लियो 14वें की आध्यात्मिकता को करीब से दिखाती है।
‘लिबेरी सोत्तो ला ग्राजिया’ किताब बुधवार, 6 मई को रोम के पोंटिफिकल पट्रिस्टिक इंस्टीट्यूट अगुस्टिनियनम में शाम 5:00 बजे, वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पिएत्रो पारोलिन, संत अगुस्टीन धर्मसमाज के प्रायर जनरल फादर जोसेफ फैरेल, संचार विभाग के प्रीफेर्ट पावलो रूफिनी, लेखिका मारिया ग्राज़िया कैलेंड्रोन और वाटिकन मीडिया की संपादकीय निदेशक अंद्रेया तोर्निएली द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
