सन्त पापा लियो 14 वें पोम्पेई और नेपल्स में
वाटिकन सिटी
पोम्पेई, शुक्रवार, 8 मई 2026 (रेई, वाटिकन रेडियो): सन्त पापा लियो 14 वें ने, 8 मई, 2026 को, अपनी परमाध्यक्षीय नियुक्ति की पहली वर्षगाँठ पर, पोम्पेई एवं नेपल्स की प्रेरितिक यात्रा की। आठ मई 2025 को अगस्टीनियन धर्मसमाज के पुरोहित फ्राँसिस प्रेवोस्त, लियो 14 वें नाम ग्रहण कर, विश्वव्यापी काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।
पोम्पेई में स्वागत
इस प्रेरितिक यात्रा के लिये सन्त पापा लियो 14 वें रोम समयानुसार शुक्रवार प्रातः आठ बजे वाटिकन के हेलीपेड से रवाना हुए। प्रातः बजे 10 बजे वे पोम्पेई के मरियम तीर्थ पहुँचें जहाँ पोम्पेई के महाधर्माध्यक्ष तोमासो कापुतो ने सम्पूर्ण महाधर्मप्रान्त की ओर उनका स्वागत किया तथा उनके आगमन के लिये आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कलीसिया के धर्माधिकारी एवं वरिष्ठ प्रशासनिक एवं नागर अधिकारी भी उपस्थित थे। मरियम तीर्थ पर सर्वप्रथम सन्त पापा ने यहाँ सेवारत धर्मसमाजी एवं धर्मसंघी स्त्री पुरुषों एवं याजकवर्ग से मुलाकात की। तदोपरान्त उन्होंने पोम्पेई पुण्यस्थल के लोकोपकारी कार्यकर्त्ताओं को सम्बोधित कर उनके नेक कार्यों के लिये प्रभु ईश्वर के प्रति धन्यावाद ज्ञापित किया।
शुक्रवार प्रातः 10.30 बजे सन्त पापा लियो 14 वेंने पोम्पेई में रोज़री माला की धन्य कुँवारी मरियम को समर्पित पुण्यस्थल के निकट सन्त बार्थोलो प्राँगण में ख्रीस्तयाग अर्पित किया। पोम्पेई में मरियम तीर्थ के अतिरिक्त, 19 वीं शताब्दी के सन्त बार्थोलो का शव भी सुरक्षित रखा गया है, जो पहले एक शैतानी पुजारी थे किन्तु मनपरिवर्तन के बाद जिन्होंने काथलिक धर्म में शरण पाई तथा उसका आलिंगन कर लिया था। शुक्रवार मध्यान्ह सन्त पापा लियो ने पोम्पेई की मरियम से पारम्परिक प्रार्थना का पाठ किया तथा उपस्थित हज़ारों तीर्थयात्रियों को अपना प्रेरितिक आशीर्वाद प्रदान किया।
नेपल्स में
शुक्रवार अपराह्न तीन बजे सन्त पापा लियो 14 वें ने पोन्पेई से नेपल्स शहर के लिये प्रस्थान किया। नेपल्स शहर का कार्यक्रम इस शहर के संरक्षक सन्त जेन्नारो पर केन्द्रित है। नेपल्स में याजकवर्ग के साथ मुलाकात के बाद सन्त पापा सन्त जेन्नारो को समर्पित आराधनालय में मौन प्रार्थना अर्पित कर सन्त के पवित्र अवशेषों का दर्शन करेंगे। इसी दिन सन्त पापा नेपल्स के पियात्सा देल प्लेबीशीतो प्राँगण में एकत्र भक्त समुदाय को सम्बोधित कर उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
