खोज

परमधर्मपीठीय स्वीस गार्ड्स के शपथ ग्रहण समारोह में सम्बोधित करते पोप लियो 14वें परमधर्मपीठीय स्वीस गार्ड्स के शपथ ग्रहण समारोह में सम्बोधित करते पोप लियो 14वें  (ANSA)

28 स्वीस गार्डों के शपथ ग्रहण समारोह में पोप ने उनकी सेवा के लिए धन्यवाद दिया

पोप लियो 14वें 6 मई को स्विस गार्ड में भर्ती के लिए 28 के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए, और वाटिकन में स्वीस गार्ड के कामों के लिए अपना "सम्मान और आभार" जताया।

वाटिकन न्यूज

वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 7 मई 2026 (रेई) : बुधवार को, 28 नवजवानों ने स्विस गार्ड में भर्ती होने के लिए वफादारी की शपथ ली।

अपने भाषण में, गार्ड के कमांडर क्रिस्टोफ ग्राफ ने पोप लियो 14 वें की उपस्थिति के लिए अपना आभार जताया, और इसे सैन्य दल के साथ उनकी नजदीकी का एक अनमोल संकेत बताया।

उन्होंने कलीसिया और राजनीतिक अधिकारियों के साथ, इस साल के मेहमान कैंटन, थर्गाऊ के प्रतिनिधियों और नये स्वीस गार्डों के परिवारों का भी स्वागत किया।

वाटिकन के संत पॉल सभागार में हुए समारोह के अंत में, पोप लियो 14वें ने एकत्रित लोगों को सम्बोधित किया।

उन्होंने स्विस परिसंघ के अध्यक्ष और राजनीतिक नेताओं एवं सेना के दूसरे प्रतिनिधियों का हार्दिक अभिवादन  किया, फिर गार्डों के परिवारों को समारोह में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया, और नए शपथ लेनेवालों के प्रति अपना "सम्मान और आभार" जताया।

पोप ने जोर दिया कि उन्होंने जो शपथ ली है, वह उस वफादारी का सबूत है जो जवानी के जोश, ईश्वर में विश्वास और कलीसिया के लिए प्यार से उत्पन्न हुई है।

सेवा का मतलब

समारोह के शुरु में, कमांडर क्रिस्टोफ ग्राफ ने “सेवा” की आज की समझ पर चिंतन किया, और एक अहम दृष्टिकोण पेश किया। उन्होंने कहा कि आज इस शब्द को अक्सर एक खोखला शब्द समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है या इसे निजी संतुष्टि में रुकावट के तौर पर भी देखा जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गलती से सेवा करने को किसी नीच या अपमानजनक चीज से जोड़ देते हैं।

ग्राफ ने जवाब देते हुए कहा कि दूसरों के लिए तैनात रहना ही इंसान होने का असली मतलब है। उन्होंने जोर देकर कहा, “सिर्फ दूसरों के लिए अपनी क्षमता का इस्तेमाल करके ही हम खुद को सही मायने में पूरा कर सकते हैं,” और कहा कि सेवा कोई रुकावट नहीं बल्कि निजी विकास का एक मौका है।

उन्होंने इस समझ के लिए येसु ख्रीस्त को आदर्श बताया—जो सेवा लेने नहीं, बल्कि सेवा करने आए थे। ग्राफ ने कहा कि यह ख्रीस्तीय उदाहरण घमंड और अधिकार के स्वार्थी इस्तेमाल से बचाता है। जो लोग सेवा करते हैं, उन्हें पता रहता है कि वे जिनकी सेवा करते हैं, उनसे ऊपर नहीं हैं।

ग्राफ ने कहा कि स्विस गार्ड्स के लिए इसका मतलब है कि वे पूरी ताकत से संत पिता का साथ दें और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें, ताकि वे बिना किसी रुकावट के संत पेत्रुस के उत्तराधिकारी के रूप में अपनी सेवा दे सकें।

अंत में, कमांडर ने जवानों को सेवा करने की उनकी इच्छा के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि गार्ड के रूप में बिताया गया उनका समय उनमें से हर एक को व्यक्तिगत रूप से आगे बढ़ने और अपनी बुलाहट के अर्थ को गहरा करने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो शपथ ली है, वह सिर्फ एक औपचारिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज की भलाई के लिए खुद को - बातों और कामों से - समर्पित करने का एक वादा है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

07 मई 2026, 15:16