लियो 14 वें मिले कैमरून के मुसलमान नेताओं से
वाटिकन सिटी
कैमरून, याऊन्दे, 17 अप्रैल, 2026 (रेई, वाटिकन न्यूज़): याऊन्दे में गुरुवार सन्ध्या सन्त पापा लियो 14 वें ने कैमरून के मुसलमान समुदायों के 12 प्रतिनिधियों से मुलाकात की और सभी धर्मों के लोगों को आपसी सम्मान के आधार पर शांति के लिए काम करने हेतु प्रोत्साहित किया।
परमधर्मपीठ का वकतव्य
परमधर्मपीठीय प्रेस कार्यालय के निर्देशक मातेओ ब्रूनी के अनुसार, सन्त पापा लियो के बामेन्दा से लौटने के उपरान्त यह मुलाकात याऊन्दे स्थित परमधर्मपीठीय प्रेरितिक राजदूतावास में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर उन मुसलमान नेताओं ने सन्त पापा लियो से मुलाकात की जो स्थानीय काथलिक कलीसिया के अधिकारियों के साथ मिलकर कैमरून की आबादी के सबसे गरीब लोगों की मदद के लिए सामाजिक न्याय और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएँ चला रहे हैं।
निर्देशक ब्रूनी ने बताया कि सन्त पापा ने प्रत्येक व्यक्ति का अलग-अलग स्वागत किया और वहां मौजूद लोगों के स्वागत और धन्यवाद के शब्द सुने। मुस्लिम नेताओं ने कलीसिया के साथ मिलकर किए जा रहे कार्यों की चर्चा की तथा सन्त पापा की कैमरून यात्रा एवं बामेन्गा में शांति पर उच्चरित उनके शब्दों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
शांति और परस्पर सम्मान
सन्त पापा लियो ने इस अवसर पर गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए शुक्रिया अदा किया तथा ख्रीस्तीय, काथलिक एवं ग़ैर काथलिक और मुसलमान एवं पारम्परिक धर्मों के लोगों से मुलाकात के सुअवसर के लिये ईश्वर के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। धर्मों और आस्थाओं के बीच कभी-कभी आ जानेवाले मतभेदों की चर्चा करते हुए सन्त पापा ने कहा कि यह सभी से सम्वाद, सहयोग एवं ज़िम्मेदारी वहन करने की मांग करते हैं।
उन्होंने सभी कैमरूनवासियों से आग्रह किया कि वे “शांति पाने की इच्छा को सदैव व्यक्त करते रहें, ऐसी शांति नहीं जो मतभेदों की गहराई को खत्म कर दे, बल्कि ऐसी शांति जो तब पैदा हो जब हम यह पहचानें कि हम सब भाई-बहन हैं, सब एक ही के बनाए हुए हैं, सभी को सभी की इज़्ज़त का सम्मान करने के लिए बुलाया गया है।” उन्होंने कहा कि कैमरून में शांति और परस्पर सम्मान के सपने को हकीकत में बदलना सम्भव है जिसका आप सब प्रयास करते रहें।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
