कैमरून के दौला में सन्त पापा लियो 14 वें
वाटिकन सिटी
कैमरून, दौला, 17 अप्रैल, 2026 (रेई,एपी): अफ्रीका के चार राष्ट्रोंवाली अपनी यात्रा के दूसरे चरण में इस समय सन्त पापा लियो 14 वें कैमरून में हैं और शुक्रवार को देश की आर्थिक राजधानी कहे जानेवाले दौला शहर में लगभग छः लाख लोगों के लिये ख्रीस्तयाग अर्पित कर एक अस्पताल की भेंट कर रहे हैं। साथ ही कैमरून की राजधानी याऊन्दे में केन्द्रीय अफ्रीका के काथलिक विश्वविद्यालय के छात्रों, प्राध्यपकों और संचालकों से मुलाकात कर रहे हैं।
दौला के महाधर्माध्यक्ष सामुएल क्लेडा के नेतृत्व में 126 काथलिक पुरोहित एवं लगभग 300 काथलिक धर्मबहनें प्रेरितिक सेवाओं में संलग्न हैं।
कैमरून के युवा
कैमरून की दो करोड़ नब्बे लाख की कुल आबादी में 29 प्रतिशत जनता काथलिक धर्मानुयायी है। कैमरून एक युवा राष्ट्र है जहाँ की औसत उम्र 18 साल है। युवाओं पर ध्यान देते हुए सन्त पापा लियो पहले भी कैमरून के राष्ट्रपति 93 वर्षीय पौल बिया के समक्ष अपने शुरुआती प्रभाषण में युवाओं को सत्य एवं भलाई के रास्ते पर चलने के लिये प्रोत्साहन दे चुके हैं। कैमरून में “भ्रष्टाचार की ज़ंजीरों” को तोड़ने की मांग कर उन्होंने कहा है कि कैमरून के युवा देश का भविष्य एवं आशा हैं। राष्ट्रपति एवं सरकारी अधिकारियों को दिए अपने शुरुआती भाषण में सन्त पापा लियो ने सचेत किया था कि "युवाओं की शिक्षा, उनके प्रशिक्षण और एंटरप्रेन्योरशिप में निवेश करना शांति के लिए एक रणनीतिक चयन है। यह शानदार प्रवीणताओं को दुनिया के दूसरे हिस्सों में जाने के लिये मजबूर करने से रोकने का एकमात्र तरीका है।”
वर्ल्ड बैंक के आँकड़ों के अनुसार, कैमरून में बेरोज़गारी दर 3.5% है, लेकिन 18 से 35 साल के उम्र वाली 57% श्रम शक्ति अनौपचारिक रोज़गार में लगी है। कैमरून में बिगड़ते आर्थिक हालातों की वजह से शिक्षा प्राप्त काफ़ी चिकित्सकों, नर्सों एवं इनजीनियर्स ने फ़ायदेमंद नौकरियों के लिए अपना देश छोड़कर यूरोप और नॉर्थ अमरीका का रुख किया है।
उपयुक्त समय
गुरुवार को अपने एक ट्वीट सन्देश में सन्त पापा लियो 14 वें ने कैमरून में सुख और समृद्धि का मंगलकामना करते हुए लिखा थाः यह परिवर्तन का उपयुक्त समय है, कैमरून की कहानी को बदलने का समय आ गया है। आज, कल नहीं, अभी, भविष्य में नहीं, देश और महाद्वीप की विविधता और समृद्धि को एक साथ लाकर एकता की नींव के पुनः निर्माण का। इस तरह, एक ऐसा समाज बनाना संभव होगा जिसमें शांति और मेल-मिलाप का राज होगा। #प्रेरितिक यात्रा/ # कैमरून
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
