खोज

बामेंडा में पोप : धिक्कार उन्हें जो सैन्य या राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का दुरुपयोग करते

कैमरून के बामेंडा में शांति के लिए एक सभा में बोलते हुए, पोप लियो 14वें ने "युद्ध के मालिकों" के खिलाफ चेतावनी दी, जो इस बात से अनजान होने का नाटक करते हैं कि "तबाह करने में बस एक पल लगता है, लेकिन उसे फिर बनाने में पूरी जिंदगी भी काफी नहीं होती" और जो हथियारों पर अरबों खर्च करते हैं लेकिन लोगों को ठीक करने में मदद करने के लिए कुछ नहीं करते।

वाटिकन न्यूज

कैमरून, बृहस्पतिवार, 16 अप्रैल 26 (रेई) : कैमरून में प्रेरितिक यात्रा के दूसरे दिन पोप लियो 14वें ने बामेंदा के संत जोसेफ महागिरजाघर में शांति सभा में बामेंदा समुदाय से मुलाकात की।

समुदाय के विभिन्न प्रतिनिधियों के साक्ष्य सुनने के बाद संत पापा ने उन्हें अपना संदेश किया।

पोप लियो ने उन्हें सम्बोधित कर कहा, “इस प्रांत में आपके साथ होना मेरे लिए खुशी की बात है, जिसने बहुत दुःख झेला है। जैसा कि आपके साक्ष्य से पता चलता है, आपके समुदाय के दुःखद अनुभव ने आपके इस यकीन को और मजबूत किया है कि ईश्वर हमें कभी नहीं छोड़ते! उनमें, उनकी शांति में, हम हमेशा नई शुरुआत कर सकते हैं!”

मैं शांति की घोषणा करने आया हूँ

बामेंदा के महाधर्माध्यक्ष के शब्दों को लेते हुए, संत पापा ने कहा कि महाधर्माध्यक्ष ने उस भविष्यवाणी का जिक्र किया है जिसमें कहा गया है: “शुभ सन्देश सुनानेवालों के चरण पर्वतों पर कितने रमणीय हैं!” (इसा. 52:7)। पोप ने कहा कि उन्होंने इन्हीं शब्दों से मेरा स्वागत किया, जो अब मैं आप के लिए कहूँगा। “आपके चरण भी कितने सुंदर हैं, इस खून से सनी लेकिन उपजाऊ भूमि पर, जिसके साथ बुरा बर्ताव किया गया, फिर भी यह पेड़-पौधों और फलों से भरपूर है। आपके पैर आपको यहाँ तक लाए हैं, और मुश्किलों एवं रुकावटों के बावजूद, अच्छाई के रास्ते पर डटे हुए हैं। मैं आपके स्वागत के शब्दों के लिए शुक्रगुजार हूँ, क्योंकि यह सच है: मैं यहाँ शांति की घोषणा करने आया हूँ। फिर भी मुझे लगता है कि यह आप ही हैं जो मेरे और पूरी दुनिया के लिए शांति की घोषणा कर रहे हैं। जैसा कि आप में से कुछ ने देखा है कि कैमरून के इन इलाकों पर असर डालने वाले संकट ने ख्रीस्तीय और मुस्लिम समुदायों को पहले से कहीं ज्यादा करीब ला दिया है। वास्तव में, आपके धार्मिक नेता एक साथ आकर शांति के लिए एक आंदोलन शुरू कर रहे हैं, जिसके द्वारा वे विरोधी पक्षों के बीच बीच-बचाव करना चाहते हैं।

बामेंडा का संत जोसेफ महागिरजाघर
बामेंडा का संत जोसेफ महागिरजाघर

आप पहाड़ी पर बसे हुए शहर हैं

संत पापा ने कहा कि काश! ऐसा धरती पर और भी कई जगहों पर होता! धन्य हैं शांति निर्माता! लेकिन उन लोगों पर धिक्कार है जो अपनी सेना, अपने आर्थिक और राजनीतिक फायदे के लिए धर्म और ईश्वर के नाम का गलत इस्तेमाल करते हैं, और पवित्र चीजों को अंधेरे एवं गंदगी में धकेलते हैं। हाँ, प्यारे भाइयों और बहनों, आप जो न्याय के भूखे और प्यासे हैं, जो गरीब, दयालु, नम्र और दिल के निर्मल हैं, जो रोए हैं — आप दुनिया की रोशनी हैं! (मती. 5:3-14)। बामेंडा, आज आप पहाड़ी पर बसे हुए शहर हैं, सबकी नजरों में शानदार! बहनो और भाइयो, आप नमक बनें जो इस भूमि को लगातार स्वाद दे। आनेवाले सालों में भी अपना स्वाद नहीं खोयें! उन सभी साथ बिताए पलों को संजोकर रखें जो आपको इस दुःख के समय में एक साथ लाए हैं। अपने भाइयों और बहनों के जख्मों पर डाले गये तेल की तरह बनें।

तबाह करने में बस एक पल लगता है

हिंसा से भयभीत लोगों की सेवा करनेवालों का शुक्रिया अदा करते हुए संत पापा ने कहा, “इस बारे में, मैं उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहूँगा, खासकर, लोकधर्मी और धर्मसंघी महिलाओं का, जो हिंसा से परेशान लोगों की देखभाल करती हैं।” यह एक बहुत बड़ा काम है जो हर दिन दिखाई नहीं देता, और जैसा कि सिस्टर कैरीन ने हमें याद दिलाया, यह खतरनाक भी है। युद्ध के मालिक इस बात से अनजान होने का नाटक करते हैं कि तबाह करने में बस एक पल लगता है, लेकिन उसे फिर बनाने में पूरी जिदगी भी काफी नहीं होती। वे इस बात को नजरअंदाज कर देते हैं कि अरबों डॉलर हत्या और तबाही पर खर्च किए जाते हैं, फिर भी इलाज, शिक्षा और पुनःनिर्माण के लिए जरूरी संसाधन कहीं नहीं मिलते। जो लोग आपकी भूमि के संसाधनों को लूटते हैं, वे आम तौर पर मुनाफे का ज्यादातर हिस्सा हथियारों में लगाते हैं, इस तरह अस्थिरता और मौत का कभी न खत्म होनेवाला सिलसिला चलता रहता है। यह उलटी हुई दुनिया है, ईश्वर की सृष्टि का शोषण है जिसका हर ईमानदार इंसान को विरोध करना चाहिए और उसे नकारना चाहिए। हमें एक बड़ा बदलाव जरूर करना चाहिए — एक सच्चा बदलाव — जो हमें सही दिशा में, मानवीय भाईचारे से भरे एक टिकाऊ रास्ते पर ले जाए।

बामेंडा समुदाय के लोग
बामेंडा समुदाय के लोग

हम एक परिवार हैं

दुनिया को कुछ ही अत्याचारियों ने तबाह कर दिया है, लेकिन इसका समर्थन करनेवाले बहुत सारे भाई-बहनों ने इसे एक साथ रखा है! वे अब्राहम के वंशज हैं, जिनकी गिनती आसमान के तारों और समुद्र किनारे के रेत कणों के बराबर है। आइए हम एक-दूसरे की आँखों में देखें: हम इतने महान लोग हैं! शांति कोई ऐसी चीज नहीं है जिसका हमें अविष्कार करना है: यह ऐसी चीज है जिसे हम अपने पड़ोसी को भाई या बहन के रूप में स्वीकार कर पा सकते हैं। हम अपने भाई-बहनों को नहीं चुनते: हमें बस एक-दूसरे को अपनाना है! हम एक परिवार हैं, एक ही घर में रहते हैं: यह अद्भुत ग्रह जिसकी देखभाल पुरानी संस्कृतियों ने हजारों सालों से की है।

जब मैंने आपके शब्द सुने, तो पोप फ्रांसिस के प्रेरितिक प्रबोधन इवंजेली गौदियुम में दी गई समझ मेरे दिमाग में आई: “लोगों के दिलों में रहने का मेरा मिशन सिर्फ मेरे जीवन का एक हिस्सा या कोई बैज नहीं है जिसे मैं उतार सकता हूँ; यह कोई ‘अतिरिक्त’ या जीवन का बस एक और पल नहीं है। इसके बजाय, यह कुछ ऐसा है जिसे मैं खुद को समाप्त किए बिना अपने अस्तित्व से नहीं हटा सकता। मैं इस धरती पर एक मिशन हूँ; यही वजह है कि मैं इस दुनिया में हूँ।”

शांति के प्रतीक के रूप में कबूतर उड़ाते पोप लियो 14वें
शांति के प्रतीक के रूप में कबूतर उड़ाते पोप लियो 14वें

हम सब मिलकर शांति की सेवा करें

संत पापा ने अंत में कहा, बामेंडा के प्यारे भाइयो और बहनो, इन्हीं भावनाओं के साथ मैं आपके बीच यहाँ हूँ! आइए हम सब मिलकर शांति की सेवा करें! “हमें अपने आप पर प्रकाश, आशीर्वाद, जीवन लाने, ऊपर उठाने, ठीक करने और आजाद करने के इस मिशन का मूहर लगाना है। हमारे चारों ओर हम आत्मा के साथ नर्सों, शिक्षकों, राजनीतिज्ञों को देखना शुरू करें जिन्होंने दिल से दूसरों के साथ और दूसरों के लिए रहना चुना है।” इस तरह मेरे पूर्वाधिकारियों ने हमें एक साथ चलने के लिए कहा, हममें से हर कोई अपने काम के अनुसार, अपने समुदायों की सीमाओं को बढ़ाते हुए, स्थानीय स्तर पर ठोस प्रयासों के सथ अपने पड़ोसी से प्यार करना शुरु करें। चाहे वह कोई भी हो और कहीं भी हो। आप इस मौन क्रांति के गवाह हैं! जैसा कि इमाम ने कहा, आइए हम ईश्वर का शुक्रिया अदा करें कि यह संकट धार्मिक युद्ध में नहीं बदला है, और हम अभी भी एक-दूसरे से प्यार करने की कोशिश कर रहे हैं! आइए हम साहस के साथ, बिना हिम्मत हारे, और सबसे बढ़कर, एक साथ, हमेशा एक साथ आगे बढ़ें!

बामेंडा समुदाय को सम्बोधिक करते संत पापा लियो 14वें
बामेंडा समुदाय को सम्बोधिक करते संत पापा लियो 14वें

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

16 अप्रैल 2026, 14:53