“काथलिक फाउंडेशन” के सदस्यों को सन्त पापा का संबोधन
वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 13 मार्च 2026 (रेई, वाटिकन रेडियो): इटली के “काथोलिक फाउंडेशन” के सदस्यों तथा काथलिक बीमा कम्पनी के लोगों की समाज में सक्रिय मौजूदगी एवं उनके लागातार समर्पण के लिये सन्त पापा लियो ने न्यास के सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
सन्त पापा ने कहा कि हमारे युग में इटली के काथलिक आन्दोलन के इतिहास को पढ़ना एवं समझना अत्यधिक महत्वपूर्ण है ताकि उन पुरुषों और महिलाओं की समझ और अनुभवों को आज की दुनिया में प्रेरित किया जा सके जिन्होंने अपना जीवन विश्वास और न्याय के प्रति समर्पित कर दिया है।
रेरुम नोवारुम
उन्होंने स्मरण दिलाया कि सैकड़ों सहकारी संस्थाएँ, ग्रामीण बैंक और आपसी मदद करने वाली संस्थाएं, सन्त पापा लियो 13 वें के विश्व पत्र “रेरुम नोवारुम” में दिए गए आमंत्रण का एक ठोस जवाब थीं, जिसमें सामाजिक सवालों को सुलझाने के लिए, आर्थिक स्तर पर भी, खुद को संगठित करने के निमंत्रण दिया गया था।
सन्त पापा लियो ने याद किया कि इन अग्रदूतों में काथलिक बीमा संस्था के संस्थापक भी शामिल थे जो पुरोहितों एवं और लोकधर्मियों को एक समूह था, जिन्होंने सन् 1896 में वेरोना शहर में, बड़े पैमाने पर लोगों की हिस्सेदारी वाली एक सहकारी संस्था की रचना की थी जो बाद में सम्पूर्ण इटली में विकसित होती गई और जिसने इताली समुदायों को दो विश्व युद्धों के आघात से उबरने में मदद प्रदान की।
इसी के बाद, उन्होंने कहा, बीस वर्षों पूर्व “काथलिक फाउंडेशन” की स्थापना हुई और, विशेष रूप से, तीसरे क्षेत्र पर ध्यान केन्द्रित किया गया जो अधिक कमज़ोर और सामाजिक रूप से अलग-थलग महसूस करने वाले समुदायों, लोगों और परिवारों को समर्थन देने की बुनियादी भूमिका को पहचानता है।
सामाजिक एकता और सुरक्षा
सन्त पापा ने कहा, इस तरह, कई सामाजिक संगठनों और कंपनियों, फाउंडेशन और धार्मिक संस्थाओं को समर्थन देकर आपने सामाजिक एकता और सबसे कमज़ोर लोगों की सुरक्षा में अहम योगदान दिया है। अस्तु, उन्होंने कहाः “मैं आपको इस समर्पण को जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करता हूँ, जिसमें आप पहले से ही शैक्षणिक, सांस्कृतिक और भागीदारी वाले कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के विकास को बढ़ावा दे रहे हैं। इस कोशिश में सबसे नया जुड़ाव मिलान स्थित साक्रो कुओरे विश्वविद्यालय के साथ मिलकर तीसरे क्षेत्र की अकादमी है, जिसे आप रोम स्थित लुम्सा विश्वविद्यालय तक विस्तृत करना चाहते हैं।”
ट्यूब और वाटिकन टी.वी. प्रसारण केन्द्र “तेलेपाचे” द्वारा 2023 से प्रसारित किये जानेवाले काथलिक कलीसिया की धर्मशिक्षा सम्बन्धी महोत्सव को समर्थन देने के लिये भी सन्त पापा लियो 14 वें ने “काथलिक फाउंडेशन” के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया जो सन्त पापा फ्राँसिस के दिल के बहुत क़रीब था और उसी भाव में सामाजिक मुद्दों के रचयिता कवियों की समीक्षा के लिये भी उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित किया।
अन्त में, सन्त पापा ने “काथलिक फाउंडेशन” के सदस्यों को परामर्श दिया कि वे अन्यों को मदद करनेवाली भावना को बढ़ावा दें और अपने जीवन में सुसमाचारी शैली को अपनायें ताकि “आपके बताए गए लक्ष्यों और उन्हें पाने के तरीकों और साधनों के बीच तालमेल बना रहे।”
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
