पोप ने कैंटरबरी के महाधर्माध्यक्ष को ‘सच्चाई और प्रेम’ से बातचीत का भरोसा दिलाया
वाटिकन न्यूज
कैंटरबरी, बृहस्पतिवार, 26 मार्च 26 (रेई) : पोप लियो 14वें ने सारा मुल्लाली को कैंटरबरी के महाधर्माध्यक्ष के रूप में उनके पदस्थापन समारोह के अवसर पर एक संदेश भेजा है, जिसमें उन्होंने उन्हें अपनी प्रार्थनाओं का भरोसा दिलाया है और “सच्चाई तथा प्यार में कृपा, दया और शांति” की कामना की है।
पदस्थापना समारोह, जिसे ऐतिहासिक रूप से सिंहासनारोहण के नाम से जाना जाता है, 25 मार्च को कैंटरबरी महागिरजाघर में सम्पन्न हुआ। वेल्स के प्रिंस और प्रिंसेस समेत करीब 2,000 मेहमानों की उपस्थित में, कैंटरबरी महाधर्माध्यक्ष के रूप में सारा ने सार्वजनिक सेवा की प्रतिकात्मक शुरुआत की।
अपने संदेश में, पोप ने कहा कि एंग्लिकन समुदाय के नए महाधर्माध्यक्ष को जो कार्य सौंपा गया है, उसमें न सिर्फ कैंटरबरी के धर्मप्रांत में बल्कि इग्लैंड की कलीसिया और पूरे एंग्लिकन समुदाय में भी बड़ी जिम्मेदारियाँ हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी प्रेरिताई “एंग्लिकन परिवार के इतिहास के एक मुश्किल समय में” शुरू कर रही हैं, और प्रार्थना करते हैं कि उन्हें ज्ञान मिले और पवित्र आत्मा उनका मार्गदर्शन करे, तथा वे ईश्वर की माँ मरियम से प्रेरणा लें।
1966 की मुलाकात को याद करते हुए
संदेश में 1966 में पोप पॉल छटवें और महाधर्माध्यक्ष माइकल रैमसे के बीच हुई ऐतिहासिक मुलाकात को याद किया गया है, जब काथलिक और एंग्लिकन समुदायों ने “ख्रीस्तीय उदारता पर आधारित भाईचारे के रिश्तों के विकास में एक नए चरण” के लिए खुद को समर्पित किया था। उन्होंने बताया कि यह प्रतिबद्धता पिछले साठ सालों में फलीभूत हुआ है।
अपने संदेश में, पोप ने उस मुलाकात के बाद बनाए गए एंग्लिकन-रोमन काथलिक अंतरराष्ट्रीय आयोग (ARCIC) के काम का जिक्र करते हुए कहा कि इसने आपसी समझ बढ़ाने में मदद की है और खास तौर पर आज की दुनिया की चुनौतियों के सामने एक ज्यादा असरदार आम गवाही का समर्थन किया है।
साथ ही, वे मानते हैं कि दुनियाभर के लोगों की यात्रा में मुश्किलें आई हैं। उन्होंने पोप फ्रांसिस और जस्टिन वेल्बी के हस्ताक्षर किए हुए 2016 के संयुक्त घोषणा को भी याद किया, जिसमें कहा गया था कि “नए हालात ने नई असहमतियाँ पैदा की हैं।”
वे आगे कहते हैं कि ये मतभेद ख्रीस्तीयों को उनके एक जैसे बपतिस्मा के आधार पर मसीह में एक-दूसरे को भाई-बहन के रूप में पहचानने से नहीं रोकते हैं।
इस तरह, पोप मानते हैं कि बातचीत “सच्चाई और प्यार” में बने रहना चाहिए, ताकि ख्रीस्तीय एक साथ ईश्वर की कृपा, दया और शांति को जान सकें एवं उन्हें दुनिया को दे सकें।
एकता और आम गवाही
पोप लियो 14वें लिखते हैं कि येसु की प्रार्थना “ताकि दुनिया विश्वास करे” को याद करते हुए, ख्रीस्तीयों की इच्छित एकता ख्रीस्त की घोषणा करना है। वे 2024 में एंग्लिकन महाधर्माध्यक्ष को पोप फ्रांसिस के एक भाषण का भी हवाला देते हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि ख्रीस्तीयों के बीच मतभेद ख्रीस्त की घोषणा के उनके सामूहिक काम में रुकावट डाल सकते हैं।
पोप पुष्टि करते हैं कि एक मेल-मिलाप और एकजुट ख्रीस्तीय समुदाय की गवाही, सुसमाचार की घोषणा की स्पष्टता में योगदान देती है।
कैंटरबरी में धर्मविधि
पोप के संदेश को गुरुवार, 26 मार्च को कैंटरबरी महागिरजाघर में महाधर्माध्यक्ष मुल्लाले और पोप के प्रतिनिधि ख्रीस्तीय एकता को बढ़ावा देने हेतु गठित विभाग के अध्यक्ष कार्डिनल कूर्ट कोच की अध्यक्षता में एक सामूहिक प्रार्थना के अंत में दिया गया।
धर्मविधि में 1966 में पोप पॉल छटवें और महाधर्माध्यक्ष माइकल रैमसे के बीच मुलाकात की 60वीं वर्षगाँठ की याद की गई। समारोह के दौरान, 1982 में पोप जॉन पॉल द्वितीय और महाधर्माध्यक्ष रॉबर्ट रनसी के बीच हुई मुलाकात में इस्तेमाल किए गए नीलर (घुटने टेकनेवाला) का इस्तेमाल किया गया।
2026 के काथलिक प्रतिनिधियों में महाधर्माध्यक्ष फ्लेवियो पेस, विभाग के सचिव; कार्डिनल विंसेंट निकोल्स और तिमोथी रेडक्लिफ; बर्मिंघम के महाधर्माध्यक्ष बर्नार्ड लॉन्गली, ARCIC के को-चेयर; वेस्टमिंस्टर के महाधर्माध्यक्ष रिचर्ड मोथ; साउथवार्क के महाधर्माध्यक्ष जॉन विल्सन; संत एंड्रयूज और एडिनबर्ग के महाधर्माध्यक्ष लियो विलियम कुशले; यूनाइटेड किंगडम में यूक्रेनी ग्रीक काथलिक कलीसिया के धर्माध्यक्ष केनेथ नोवाकोव्स्की और लंदन में प्रेरितिक राजदूतावास में व्यवसाय प्रबंधक, अंटे विडोविक शामिल थे।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
