2021.03.13 महाधर्माध्यक्ष लियोपोल्दो जिरेली बने क्रोएशिया के प्रेरितिक राजदूत 2021.03.13 महाधर्माध्यक्ष लियोपोल्दो जिरेली बने क्रोएशिया के प्रेरितिक राजदूत 

पोप ने महाधर्माध्यक्ष लेओपोल्दो जिरेली को क्रोएशिया का प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया

पोप लियो 14वें ने महाधर्माध्यक्ष लियोपोल्दो जिरेली को क्रोएशिया का नया प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया, जो अब तक भारत और नेपाल के प्रेरितिक राजदूत थे। नियुक्ति की घोषणा 13 मार्च 2026 को हुई। महाधर्माध्यक्ष 13 मार्च 2021 से भारत में कलीसिया की सेवा कर रहे थे।

वाटिकन न्यूज

वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 13 मार्च 2026 (रेई) : 73 वर्षीय महाधर्माध्यक्ष लियोपोल्दो जिरेली का जन्म इटली के बेरगामो शहर में 13 मार्च 1953 ई. को हुआ था।

उनका पुरोहिताभिषेक 17 जून 1978 को हुआ और उनके पास ईशशास्त्र में डॉक्टरेट की डिग्री है। उन्होंने 13 जुलाई 1987 को परमधर्मपीठ में एक राजनयिक के रूप में अपनी सेवा शुरू की।

अपनी राजनयिक सेवा के दौरान उन्होंने कैमरून और न्यूजीलैंड में प्रेरितिक राजदूतावास में काम किया, और बाद में वाटिकन राज्य सचिवालय के सामान्य मामलों के विभाग में काम किया। उन्होंने अमरीका के प्रेरितिक राजदूतावास में भी अपनी सेवा दी।

13 अप्रैल 2006 को उन्हें इंडोनेशिया में प्रेरितिक राजदूत और 10 अक्टूबर 2006 को पूर्वी तिमोर में प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया गया। 13 जनवरी 2011 को उन्हें सिंगापुर में प्रेरितिक राजदूत, मलेशिया और ब्रुनेई में प्रेरितिक प्रतिनिधि और वियतनाम में परमधर्मपीठ के नॉन-रेसिडेंट (अस्थायी) प्रतिनिधि नियुक्त किया गया।

13 सितंबर 2017 को वे इस्राएल में प्रेरितिक राजदूत और येरुसालेम एवं फिलिस्तीन में प्रेरितिक प्रतिनिधि नियुक्त किये गये। दो दिन बाद, 15 सितंबर 2017 को, उन्हें साइप्रस में भी प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया गया।

13 मार्च 2021 को वे भारत और नेपाल के प्रेरितिक राजदूत नियुक्त हुए थे, जहाँ उन्होंने 13 मार्च 2026 को क्रोएशिया में अपनी नई नियुक्ति तक सेवा की। वे इटालियन, अंग्रेजी और फ्रेंच भाषाएँ बोलते हैं।

मध्य और दक्षिण पूर्व यूरोप में स्थित क्रोएशिया में 17 काथलिक धर्मप्रांत और एक पूर्वी काथलिक धर्मप्रांत, क्रिज़ेवसी है, जो काथलिक कलीसिया की बैज़ेंटाइन-स्लावोनिक परंपरा से संबंधित है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

13 मार्च 2026, 15:02