सन्त पापा लियो 14 वें सन्त पापा लियो 14 वें   (ANSA)

रोम पल्ली सन्त पापा के दौरे को लेकर "उत्साहित"

सन्त पापा लियो 14 वें रविवार, पहली मार्च को रोम स्थित येसु के स्वर्गारोहण को समर्पित काथलिक पल्ली की भेंट करेंगे, जहाँ उनका स्वागत रोम के प्रतिधर्माध्यक्ष कार्डिनल बाल्दो रेईना तथा पल्ली पुरोहित फादर दानिएले कनाली करेंगे।

वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 (रेई, वाटिकन रेडियो): सन्त पापा लियो 14 वें रविवार, पहली मार्च को रोम स्थित येसु के स्वर्गारोहण को समर्पित काथलिक पल्ली की भेंट करेंगे, जहाँ उनका स्वागत रोम के प्रतिधर्माध्यक्ष कार्डिनल बाल्दो रेईना तथा पल्ली पुरोहित फादर दानिएले कनाली करेंगे।  

पास्का महापर्व से पूर्व काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष की रोम की इस पल्ली में यह तीसरी भेंट हैं। रविवार सन्ध्या पाँच बजे सन्त पापा येसु के स्वर्गारोहण को समर्पित पल्ली गिरजाघर में ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे तथा धर्मशिक्षा प्रापक बच्चों एवं उनके परिजनों सहित मादक पदार्थों की आदी चार माताओं को आशीर्वाद देंगे जो इस समय कारावास काट रही हैं।

वाटिकन न्यूज़ से बातचीत में पल्ली पुरोहित फादर दानिएले कनाली ने कहा कि सन्त पापा के दौरे को लेकर हम सब "उत्साहित" हैं और उनके आगमन से भयभीत भी हैं।

प्रतीक्षा

उन्होंने बताया कि ख्रीस्तयाग के बाद पल्ली हॉल में, "इलाके के कमज़ोर समुदाय," सन्त पापा का  इंतज़ार कर रहे होंगे, जिनमें बुज़ुर्ग,  बीमार, गरीब और विकलांग लोगों का एक समूह और साथ ही उनकी देखभाल करने वाले स्वयंसेवक भी शामिल होंगे। स्वयंसेवकों को फादर कनाली ने पल्ली के लिये उम्मीद की निशानी निरूपित किया।

फादर कनाली ने स्मरण दिलाया और कहा, "यह हमारे समुदाय में सन्त पापा का तीसरा दौरा है।" "सन्त पापा जॉन 23 वें 3 मार्च, 1963 को आए थे और सन्त जॉन पौल द्वितीय 3 मार्च, 1980 को और अब सन्त पापा लियो 14 वें आ रहे हैं।" उन्होंने कहा कि हम सन्त पापा की भेंट से अत्यधिक प्रसन्न हैं, उत्साहित हैं और आशान्वित भी हैं।"

फादर कैनाली ने आगे कहा, "हम न सिर्फ़ व्यावहारिक तौर पर बल्कि सबसे बढ़कर आध्यात्मिक तौर पर प्रार्थना सभाओं और सन्त पेत्रुस के व्यक्तित्व पर मनन-चिन्तन द्वारा साथ इस भेंट की तैयारी कर रहे हैं।"

नवजीवन का संकेत

फादर कनाली ने कहा कि सन्त पापा की मौजूदगी रोम के क्वार्टिच्योलो जैसे इलाके के लिए उम्मीद की एक बड़ी निशानी है। हमारा पल्ली समुदाय छोटा है किन्तु सजीव है जो बहुत कठिन समय से गुज़रा है, तथापि मज़बूती से एक साथ रहा है। नबी इसायाह को उद्धृत कर उन्होंने कहा कि सन्त पापा लियो हमें यह बताने आ रहे हैं कि दिन निकट है।  

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

27 फ़रवरी 2026, 10:35