पोप लियो एवं राजा चार्ल्स सिस्टीन चैपल के ख्रीस्तीय एकता प्रार्थना में सहभागी हुए
वाटिकन न्यूज
वाटिकन सिटी, बृहस्पतिवार, 23 अक्टूबर 2025 (रेई) : 23 अक्टूबर को पोप लियो 14वें, राजा चार्ल्स तृतीय और ग्रेट ब्रिटेन की रानी कमिला के साथ सिस्टिन चैपल में एक ख्रीस्तीय एकता प्रार्थना सभा के लिए एकत्रित हुए। उनके साथ यॉर्क के 98वें महाधर्माध्यक्ष और इंग्लैंड के प्राइमेट, महामहिम स्टीफन कॉट्रेल भी शामिल हुए - जो चर्च ऑफ इंग्लैंड के दूसरे सबसे वरिष्ठ धर्माध्यक्ष हैं।
पोप और महाधर्माध्यक्ष ने भजन और सुसमाचार पाठ के साथ मध्याह्न प्रार्थना का नेतृत्व किया। माइकल एंजेलो के भित्तिचित्रों से सुसज्जित चैपल कई ख्रीस्तीय एकतावर्धक वार्ता के अतिथियों से भरा था, जिनमें वेस्टमिंस्टर के महाधर्माध्यक्ष और इंग्लैंड एवं वेल्स के काथलिक बिशप सम्मेलन के अध्यक्ष कार्डिनल विंसेंट निकोल्स, और स्कॉटिश बिशपमंडल का प्रतिनिधित्व करनेवाले सेंट एंड्रयूज और एडिनबर्ग के महाधर्माध्यक्ष लियो कुशले शामिल थे।
एक ऐतिहासिक यात्रा
यह यात्रा एंग्लिकन-काथलिक संबंधों में एक ऐतिहासिक क्षण था—जो 500 वर्षों में कभी नहीं हुआ था। इस यात्रा के दो मुख्य विषय थे: ख्रीस्तीय एकता और पर्यावरण की देखभाल।
यह यात्रा मूल रूप से अप्रैल में होने वाली थी, लेकिन पोप फ्राँसिस के खराब स्वास्थ्य के कारण रद्द कर दी गई थी। इसका एक उद्देश्य सृष्टि की देखभाल पर विश्वपत्र 'लौदातो सी' के प्रकाशन के दस वर्ष बाद राजा चार्ल्स और अर्जेंटीना के पोप की साझा प्रतिबद्धता को उजागर करना था।
इसके अलावा, लैटिन और अंग्रेजी में आयोजित ख्रीस्तीय एकता प्रार्थना सभा ने वाटिकन और यूनाइटेड किंगडम के बीच मधुर संबंधों को और सुदृढ़ किया। इसने राजा चार्ल्स की एक इच्छा भी पूरी की, जो चर्च ऑफ इंग्लैंड के सर्वोच्च गवर्नर के रूप में लंबे समय से अंतर्धार्मिक जुड़ाव के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं।
दो धर्मों के बीच एक सेतु
प्रार्थना सभा के आरंभिक भजन से ही ख्रीस्तीय एकता और सार्वभौमिकता का विषय स्पष्ट हो गया। भजन को मिलान के संत एम्ब्रोस ने लिखी है, जिसका अनुवाद संत जॉन हेनरी न्यूमैन ने किया है, जो काथलिक धर्म अपनाने से पहले अपने जीवन का आधा समय एंग्लिकन कलीसिया में बिता चुके थे।
राजा चार्ल्स 2019 में अंग्रेजी ईशशास्त्री के संत घोषित किए जाने के समारोह में शामिल हुए थे। संत जॉन हेनरी न्यूमैन को 1 नवंबर को पोप लियो द्वारा कलीसिया का धर्माचार्य (डॉक्टर) घोषित किया जाएगा।
इस मिलन के माहौल को जारी रखते हुए, चैपल विंडसर दुर्ग स्थित सेंट जॉर्ज चैपल के ले क्लर्क्स और सेंट जेम्स पैलेस स्थित चैपल रॉयल के बच्चों की आवाजों से गूंज उठा – दोनों को राजा चार्ल्स और रानी कामिला ने आमंत्रित किया था – साथ ही सिस्टिन चैपल गायक मंडली भी उपस्थित थी। तीनों दलों ने मध्याह्न प्रार्थना के भजन और स्तोत्र गाए।
प्रार्थना के अंत में, पोप लियो, राजा चार्ल्स के साथ सिस्टिन चैपल से बाहर निकले।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
