संत पापा लियो ने मेक्सिको में बाढ़ पीड़ितों के लिए प्रार्थना की
वाटिकन न्यूज
वाटिकन सिटी, सोमवार 27 अक्टूबर 2025 : संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्रांगण में हज़ारों तीर्थयात्रियों के साथ देवदूत प्रार्थना करने के बाद, संत पापा लियो 14वें ने पूर्व-मध्य मेक्सिको के लोगों को याद किया, जहाँ 6-11 अक्टूबर तक हुई भारी बारिश के कारण विनाशकारी बाढ़ आई थी। इस आपदा में कम से कम 76 लोग मारे गए हैं, लगभग तीन दर्जन लापता हैं और 100 से ज़्यादा समुदायों तक सड़क मार्ग से पहुँचना असंभव हो गया है।
संत पापा ने "इस आपदा से पीड़ित परिवारों और सभी लोगों के लिए" प्रार्थना की और माता मरियम की मध्यस्थता से सभी मृतकों की आत्माओं को प्रभु को सौंप दिया।
इसके अलावा, संत पापा लियो ने युद्ध और हिंसा से त्रस्त स्थानों पर रहने वाले सभी लोगों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि "शांति के लिए प्रार्थना निरंतर जारी है, खासकर पवित्र रोजरी माला के सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से।" उन्होंने कहा कि रोजरी माला के रहस्यों के चिंतन के माध्यम से, "हम युद्ध के शिकार बच्चों, माताओं, पिताओं और बुजुर्गों के दुख और आशा को अपना बनाते हैं।"
युद्धग्रस्त स्थानों में रहने वालों के लिए अपनी मध्यस्थता प्रस्तुत करके, संत पापा ने इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे दान, एकजुटता और ठोस निकटता के कार्य उभर सकते हैं। दुनिया भर में इस मिशन के प्रति समर्पित सभी लोगों को संदेश देते हुए, उन्होंने दोहराया: "शांति स्थापित करने वाले धन्य हैं!"
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here
