खोज

संत पापा लियो 14वें  ख्रीस्तयाग अर्पित करते हुए संत पापा लियो 14वें ख्रीस्तयाग अर्पित करते हुए  (AFP or licensors)

नवम्बर, दिसम्बर और जनवरी में पोप लियो 14वें के धर्मविधिक कार्यक्रमों की सूची

वाटिकन ने नवम्बर से जनवरी तक पोप लियो के धर्मविधिक कार्यक्रमों की सूची प्रकाशित की है। जहाँ वे कई धर्मविधिक कार्यक्रमों की अध्यक्षता करेंगे।

वाटिकन न्यूज

वाटिकन सिटी, मंगलवार, 30 सितंबर 2025 (रेई) : पोप लियो 14वें ने आनेवाले महीनों के लिए धर्मविधिक समारोहों का पूरा कार्यक्रम निर्धारित किया है, और वाटिकन हमारे नए पोप के साथ प्रथम क्रिसमस का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है।

मंगलवार को, सर्वोच्च पोप के धार्मिक समारोहों के लिए वाटिकन कार्यालय ने नवंबर 2025 से जनवरी 2026 तक पोप के कार्यक्रम जारी किये।

नवंबर में धर्मविधिक समारोह

 1 नवम्बर को सब संतों के महापर्व पर संत पापा लियो संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में पूर्वाहन 10.30 बजे समारोही ख्रीस्तयाग में, संत जॉन हेनरी न्यूमन को कलीसिया के धर्माचार्य घोषित करेंगे तथा शिक्षा जगत की जयंती मनायी जाएगी।

3 नवम्बर को पूर्वाहन 11.00 बजे संत पेत्रुस महागिरजाघर में पोप लियो, संत पापा फ्राँसिस और पिछले वर्ष दिवंगत हुए सभी कार्डिनल्स और धर्माध्यक्षों की आत्मा की शांति के लिए एक पवित्र मिस्सा अर्पित करेंगे।

9 नवंबर को 9.30 बजे, पोप रोम के महागिरजाघर के समर्पण महापर्व पर संत जॉन लातेरन महागिरजाघर जाएँगे।

16 नवम्बर को गरीबों की जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर पोप लियो 14वें संत पेत्रुस महागिरजाघर में पूर्वाहन 10 बजे ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे।

23 नवम्बर को सुबह 10.30 बजे ख्रीस्त राजा महापर्व के अवसर पर, संत पापा, संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में समारोही ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे, और उसी दिन गायक मंडली की जयंती का समापन भी होगा।

दिसम्बर में धर्मविधिक समारोह

8 दिसम्बर, कुँवारी मरियम के निष्कलंक गर्भागमन पर्व के अवसर पर, संत पापा लियो 14वें शाम 4.00 बजे रोम के पियात्सा स्पानिया में माता मरियम की प्रतिमा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

12 दिसम्बर, ग्वादालुपे की माता मरियम के पर्व दिवस पर वे संत पेत्रुस महागिरजाघर में शाम 4 बजे पवित्र मिस्सा अर्पित करेंगे।  

14 दिसम्बर को कैदियों की जयन्ती के उपलक्ष्य में संत पापा लियो, संत पेत्रुस महागिरजाघर में सुबह 10 बजे पावन ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे।

24 दिसम्बर क्रिसमस के अवसर पर, रात 10 बजे संत पेत्रुस महागिरजाघर में ख्रीस्त जयन्ती जागरण पवित्र मिस्सा।

25 दिसम्बर ख्रीस्त जयन्ती का महोत्सव, संत पेत्रुस महागिरजाघर में सुबह 10 बजे समारोही पावन ख्रीस्तयाग।

और मध्याहन 12 बजे उर्बी एत ओरबी आशीष।

31 दिसम्बर, ईश माता मरियम के पर्व की पूर्व संध्या 5.00 बजे संध्या वंदना एवं साल के अंतिम दिन धन्यवाद का भजन ते देयुम गाया जाएगा।

जनवरी 2026 में धर्मविधिक समारोह

1 जनवरी 2026, ईश्वर की माता मरियम के महापर्व एवं 59 वें विश्व शांति दिवस के उपलक्ष्य में पूर्वाहन 10 बजे पवित्र मिस्सा।

6 जनवरी 2026, प्रभु प्रकाश महापर्व के अवसर पर सुबह 9.30 बजे संत पेत्रुस महागिरजाघर में पावन ख्रीस्तयाग। जयन्ती वर्ष 2025 का समापन एवं पवित्र द्वार बंद किया जाएगा। पवित्र द्वार अगले जयंती वर्ष तक बंद रहेगा, जिसे 2033 में येसु ख्रीस्त के दुःखभोग, मृत्यु और पुनरुत्थान द्वारा प्राप्त मुक्ति की 2000वीं वर्षगांठ के रूप में मनाने की योजना है।

11 जनवरी 2026 को प्रभु येसु के बपतिस्मा महापर्व, के अवसर पर पोप जॉन पॉल द्वितीय द्वारा शुरू की गई परंपरा को जारी रखते हुए, सुबह 9.30 बजे सिस्टीन चैपल में कुछ बच्चों का बपतिस्मा संस्कार होगा।

वाटिकन का समारोह कैलेंडर, जिसमें पोप लियो की अध्यक्षता में आयोजित समारोहों की सूची दी गई है, धर्मविधिक समारोह कार्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। पोप के दर्शन और समारोहों के टिकटों के लिए, कृपया पेपल हाऊसहोल्ड की वेबसाइट देखें। पोप समारोहों के टिकट हमेशा निःशुल्क होते हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

30 सितंबर 2025, 17:34