संत पापा संत मरिया मेजर महागिरजाघर में सालुस पोपोली रोमानी के सामने प्रार्थना करते हुए संत पापा संत मरिया मेजर महागिरजाघर में सालुस पोपोली रोमानी के सामने प्रार्थना करते हुए 

संत पापा ने माँ मरियम की सुरक्षा में साइप्रस व ग्रीस दौरे को सौंपा

संत मरिया मेजर महागिरजाघर में संत पापा फ्राँसिस ने साइप्रस और ग्रीस की प्रेरितिक यात्रा की सफलता व सुरक्षा के लिए माता मरियम से प्रार्थना की।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

रोम, गुरुवार 2 दिसम्बर 2021(वाटिकन न्यूज) : वाटिकन प्रेस कार्यालय के अनुसार, संत पापा फ्राँसिस ने अपनी प्रेरितिक यात्रा साइप्रस और ग्रीस को माता मरियम की सुरक्षा में सौंप दिया।

संत पापा ने बुधवार दोपहर को अपने व्यस्त कार्यक्रम में से कुछ समय निकाल कर संत मरिया मेजर महागिरजाघर का दौरा किया और वहाँ बोर्गीस प्रार्थनालय में सालुस पोपुली रोमानी (रोम वासियों की संरक्षिका माता मरियम) के प्राचीन रोमन आइकन के चरणों में प्रार्थना की। उन्होंने वेदी पर फूलों का एक गुलदस्ता भी रखा।

एकतावर्धक संबंध

संत पापा गुरूवार को स्थानीय समय अनुसार 11 बजे फ्यूमिचिनो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भूमध्यसागरीय द्वीपीय देश साइप्रस की तीन दिवसीय दौरे पर रवाना हुए और शनिवार को ग्रीस की यात्रा करेंगे जहां वे सोमवार तक रहेंगे। ऑरथोडोक्स कलीसियाओं के साथ एकतावर्धक संबंध दोनों देशों की उनकी यात्राओं का एक मुख्य आकर्षण होगा।

शनिवार को वे साइप्रस के महाधर्माध्यक्ष क्रिसोस्टोमोस द्वितीय, द्वीप के पूर्वी ऑर्थोडोक्स के प्रमुख के साथ-साथ साइप्रस के ऑर्थोडोक्स धर्मसभा के सदस्यों के साथ मुलाकात करेंगे। ग्रीस की यात्रा के दौरान संत पापा एथेंस की ऑर्थोडॉक्स कलीसिया के महाधर्माध्यक्ष इरोनिमोस द्वितीय के साथ मिलेंगे। दोनों राष्ट्रों में ऑर्थोडोक्स ख्रीस्तीय बड़ी संख्या में हैं।

प्रवासियों पर ध्यान

साइप्रस का दौरा करने वाले संत पापा फ्राँसिस दूसरे परमाध्यक्ष हैं। पहली बार संत पापा बेनेडिक्ट सोलहवें ने 2010 में साइप्रस की प्रेरितिक यात्रा की थी। संत पापा फ्राँसिस प्रवासियों और शरणार्थियों के साथ मुलाकात करने के लिए ग्रीक के लेस्बोस द्वीप लौट रहे हैं। उन्होंने 2016 में यूरोपीय प्रवास संकट के दौरान ऑर्थोडोक्स प्राधिधर्माध्यक्ष बार्थोलोम्यू प्रथम के साथ द्वीप की यात्रा की थी और वहाँ से संत पापा विमान पर 12 प्रवासियों के साथ वाटिकन लौटे थे।

प्रवासियों की दुर्दशा एक बार फिर उनके एजेंडे में है, साइप्रस और ग्रीस दोनों देशों में होने वाले कार्यक्रम के तहत संत पापा फ्रांसिस प्रवासियों के प्रति अपनी एकजुटता और निकटता व्यक्त करेंगे।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

02 दिसंबर 2021, 15:36