पोप लियो 14वें कस्तेल गंदोल्फो की वाटिका में पोप लियो 14वें कस्तेल गंदोल्फो की वाटिका में  (ANSA)

कास्तेल गंदोल्फो के पल्ली पुरोहित: "हमें उम्मीद है कि पोप को यहाँ सच्चा विश्राम मिलेगा"

वाटिकन न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में, कास्तेल गंदोल्फो के पल्ली पुरोहित, पोलिश सलेशियन फादर थदेयुस रोजमुस ने उम्मीद जताई है कि पोप लियो 14वें झील के किनारे बसे शहर कास्तेल गंदोल्फो में गर्मियों की छुट्टियाँ अच्छी तरह बिता पाएंगे।

वाटिकन न्यूज

कास्तेल गंदोल्फो, मंगलवार, 7 जुलाई 2026 (रेई) : "हमारी मनोकामना है कि संत पिता यहाँ कस्तेल गंदोल्फो में अच्छा से रहें, ताकि वे आराम कर सकें और वही कर सकें जो उन्होंने खुद अपने रहने का मकसद बताया है: प्रार्थना, आराम, पढ़ना और खेलना।" यह बात फादर थदेयुस रोजमुस, एसडीबी, ने कही जो विलानोवा में परमधर्मपीठीय पल्ली संत थोमस के पल्ली पुरोहित हैं।

वाटिकन मीडिया के साथ एक साक्षात्कार में पोलिश फादर ने पोप की छुट्टियों के पहले दिनों को याद किया, पिछले साल के अवकाश के समय की और कस्तेल गंदोल्फो में लौटने पर वहां के लोगों के उत्साह के बारे में।

पोप का आकस्मिक अभिवादन

सबसे पहले, फादर थदेयुस ने अपना आभार व्यक्त किया क्योंकि, प्रेरितिक आवास की बालकनी से अपने पहले अभिवादन में, पोप लियो 14वें ने पल्ली पुरोहित और पल्ली समुदाय को विशेष रूप से याद किया। जिसकी उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। फादर ने कहा, "मेरे लिए, यह एक बहुत बड़ा आश्चर्य था। मैंने इसे हमारे परमधर्मपीठीय पल्ली के मूल्य की पहचान के रूप में समझा। हालांकि यहां मौजूद वाटिकन संरचना अपने आप काम करती हैं, कलीसियाई कानून के अनुसार, पल्ली और उसके पल्ली पुरोहित की एक अहम भूमिका है। यह हमारे पूरे समुदाय के लिए पोप की तरफ से एक बहुत सुंदर भाव था।"

आराम का समय

पल्ली पुरोहित के अनुसार, इस साल पोप लियो का रहना पिछले साल से अलग है। पोप ने पहले ही बताया था कि वे इस गर्मी छुट्टी को कास्तेल गंदोल्फो में बिताना चाहते हैं। "संत पापा ने साफ-साफ कहा है कि वे यहां प्रार्थना करने, आराम करने, पढ़ने और खेलकूद करने आए हैं। हमारी कोई खास उम्मीदें नहीं हैं; हम बस चाहते हैं कि वे यहां आराम महसूस करें और अपनी इच्छा के अनुसार शांति से यह समय बिता सकें।" यही बात विश्वासियों पर भी लागू होती है, जो खुद पोप लियो द्वारा किये जानेवाले देवदूत प्रार्थना और दूसरी संभावित मुलाकातों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

मुलाकातें जिनसे रिश्ता मजबूत हुआ

फादर थदेयुस ने पिछले साल कास्तेल गंदोल्फो में पोप के बार-बार आने के दौरान उनसे हुई कई मुलाकातों के बारे में भी बताया। पोप लियो लगभग हर हफ्ते, सोमवार दोपहर से अगले मंगलवार शाम तक विला बारबेरिनी में बिताते हैं। मंगलवार शाम, जब वे घर से निकलते, तो बाहर जमा हुए तीर्थयात्रियों का अभिवादन करने या पत्रकारों से बात करने के लिए रुकते हैं। सलेशियन फादर ने कहा, "एक पल्ली पुरोहित के रूप में, मुझे संत पिता से कुछ बातें करने, उनके साथ कुछ जानकारी साझा करने, या सिर्फ अभिवादन करने का मौका मिला। वे बहुत खूबसूरत पल थे, जिनमें उनके पिता जैसा अपनापन साफ महसूस हो रहा था। मुझे उम्मीद है कि छुट्टियां खत्म होने के बाद भी यह परंपरा जारी रहेगी।"

एक यादगार मिस्सा और पोप का उपहार

पिछले साल, रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट की पोप के रूप में पहली गर्मी छुट्टी को याद करते हुए, फादर रोजमुस पिछले साल 13 जुलाई को विलानोवा के संत थॉमस पल्ली में हुए प्रथम ख्रीस्तयाग को अत्यन्त भावुकता के साथ याद करते हैं। छोटा सा गिरजाघर उस समारोह में हिस्सा लेने के लिए उत्सुक सभी भक्तों को जगह नहीं दे पा रहा था। फादर के दिल को छू देनेवाला पल तब था जब पोप ने पल्ली से सीधे बात की, और उसे एक खास उपहार भेंट की। फादर ने बतलाया कि "उन्होंने हमें पवित्र मिस्सा के लिए एक सुंदर कटोरा (चैलीस) भेंट की। मुझे पूरे समुदाय की ओर से उनसे इसे ग्रहण करने का सम्मान मिला, और मैंने इस काम के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। यह मेरे पुरोहित जीवन के सबसे खास पलों में से एक रहेगा।"

पोप जॉन पॉल द्वितीय की यादें

इन यादों के बाद, फादर थदेयुस रोजमुस बताते हैं कि पोप जॉन पॉल द्वितीय का कास्तेल गंदोल्फो के लोगों के दिलों में एक खास जगह है। पवित्र पोप का नाम पल्ली के लोगों की कहानियों में बार-बार आता है: "रविवार को, मैंने लोगों की आँखों में आँसू देखे। कई लोगों को अपना बचपन याद आया, जब पोप नियमित रूप से कास्तेल गंदोल्फो आते थे। संत पापा जॉन पॉल द्वितीय के बारे में बहुत बातें होती थीं। लोग बस इतना कहते हैं: 'वे हमारे पोप थे।' और जब वे उन्हें याद करते हैं, तो आप सच में उनकी भावना महसूस कर सकते हैं। पोप लियो 14वें की वापसी उन यादों को ताजा कर देती है और लोगों को यह एहसास कराती है कि संत पापाओं की यह  खूबसूरत परंपरा जारी है।"

संत पापाओं की उपस्थिति के 400 साल

इस साल की पोप की छुट्टियाँ एक महत्वपूर्ण सालगिरह की याद दिलाती हैं। 2026 में कास्तेल गंदोल्फो

में पोप के गर्मियों में रुकने की परंपरा की 400वीं सालगिरह है, जिसे 1626 में पोप अर्बन 8वें ने शुरू किया था। फादर थदेयुस ने अंत में कहा, "धर्मप्रांत, शहर के अधिकारियों और पल्ली के साथ मिलकर, हम इस सालगिरह को मनाने की तैयारी कर रहे हैं। यह एक बहुत अच्छा मौका है, कास्तेल गंदोल्फो में संत पेत्रुस के उत्तराधिकारियों की उपस्थिति के 400 सालों को याद करने और कलीसिया के इतिहास में इस जगह की अहमियत को दिखाने का।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

07 जुलाई 2026, 17:02