खोज

गज़ा में ध्वस्त बुनियादी ढांचे गज़ा में ध्वस्त बुनियादी ढांचे  (ANSA)

बिशप शोमाली: गज़ा के निवासियों को अभी भी बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है

वाटिकन न्यूज़ के साथ एक साक्षात्कार में, येरूसालेम के लातीनी प्राधिधर्माध्यक्ष के विकर जनरल, धर्माध्यक्ष विलियम शोमाली ने गज़ा के लोगों के सामने मौजूद गहरे मानवीय संकट के बारे में बताया, जहाँ हजारों लोग खंडहरों के बीच तम्बुओं में रह रहे हैं। और बच्चों को शिक्षा देने के लिए स्कूल पुनः खोलने की उम्मीद के बारे बताया।

जॉन चार्ल्स पुज़ोलु

गज़ा, शनिवार, 18 जुलाई 2026 (रेई) : सैद्धांतिक रूप से गज़ा 10 अक्टूबर 2025 को लागू युद्धविराम के तहत  सुरक्षित है। लेकिन यह सुरक्षा सिर्फ सैद्धांतिक है, क्योंकि पिछले नौ महीनों से पूरे फिलीस्तीनी क्षेत्र में इस्राएली सैन्य हमले लगातार जारी रहे हैं।

वाटिकन न्यूज़ के साथ एक इंटरव्यू में, जेरूसालेम के लातीनी प्राधिधर्माध्यक्ष के विकर जनरल, बिशप विलियम शोमाली ने इस नाटकीय सच्चाई पर बात की और बताया कि इस दौरान, अख़बारों के पहले पन्नों और टेलीविज़न स्क्रीन से दूर, गजा की दुखद घटना वैसी ही रही है।

गजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के इकट्ठा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, युद्धविराम लागू होने के बाद से नौ महीनों में 265 बच्चों समेत 1,000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। इसके अलावा 3,400 लोग घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने इन आंकड़ों को भरोसेमंद माना है और जुलाई की शुरुआत में प्रकाशित हुई एक रिपोर्ट में इन्हें शामिल किया है।

बिशप शोमाली, आप गाजा में फिलिस्तीनियों के रोजमर्रा की जिंदगी के बारे में कैसे बताएंगे?

गज़ा में लोग अब सिर्फ 47% इलाके तक ही सीमित हैं, क्योंकि इज्राएलियों ने बाकी 53% पर कब्जा कर लिया है। इस वजह से, आबादी का घनत्व बहुत ज्यादा है। 80 प्रतिशत बुनियादी ढांचे तबाह हो गये है, जिसमें न सिर्फ इमारतें बल्कि जलापूर्ति और विद्युत्त प्रणालियाँ भी शामिल हैं। कई स्कूल और विश्वविद्यालय अब नहीं हैं। हजारों लोग तम्बुओं में रहने के लिए मजबूर हैं।

क्या आज गज़ा में पर्याप्त मानवीय सहायता पहुंच रही है?

जब हम मानवीय सहायता की बात करते हैं, तो हमारा मतलब भोजन, दवाएँ और जीवित रहने के लिए आवश्यक सभी चीजे हैं। व्यक्तिगत रूप से, मैं भोजन और बाकी सभी चीजों में अंतर करता हूँ। उदाहरण के लिए, कुछ दवाएँ गजा में प्रवेश कर रही हैं, लेकिन सभी आवश्यक दवाएँ नहीं, और केवल सीमित मात्रा में। पिछले कुछ महीनों से गजा में प्रवेश करनेवाला भोजन व्यापारियों द्वारा इज्राएल से आयात किया जा रहा है। फिर इसे गजा के अंदर बेचा जाता है। जून में गजा का दौरा करनेवाले प्राधिधर्माध्यक्ष पियरबतिस्ता पित्साबल्ला ने पाया कि क्रिसमस से ठीक पहले उनकी पिछली यात्रा के दौरान बाजार में आपूर्ति बेहतर थी। मैं उस समय उनके साथ था और मैंने अपनी आँखों से देखा कि दुकानों में अभी भी बहुत कम सामान था। जब मैं "दुकानें" कहता हूं, तो मेरा मतलब एक-दूसरे के बगल में स्थापित एक या दो तंबू से है - बस इतना ही। ये सुपरमार्केट नहीं हैं. व्यापारी इन तंबुओं को चलाते हैं और खाद्य सामग्री बेचते हैं।

हम जानते हैं कि गज़ा के कई लोगों के पास अब नौकरी नहीं रही। वे खाना कैसे खरीद रहे हैं?

बहुत से लोग जो नौकरी करते थे और वेतन पाते थे—खासकर जो फिलिस्तीनी सरकार के लिए काम करते थे—उन्हें वेतन मिल रही है। स्कूलों में टीचर और अलग-अलग सरकारी संस्थानों के कर्मचारियों को अभी भी वेतन मिलते हैं। हमारे अपने शिक्षकों को भी वेतन मिल रही है। हालांकि, अब हमें बाकी सभी की पैसे देकर मदद करनी होगी। पहले, हमने खाना बांटकर मदद की थी। अब हम लोगों को पैसे देकर मदद कर सकते हैं ताकि वे खुद खाना खरीद सकें। हम गजा के लैटिन पैरिश के कंपाउंड में रहनेवाले अपनी पल्ली के लोगों के लिए यही कर रहे हैं।

अमरीका शांति योजना के अनुसार, अब हमें दूसरे चरण में होना चाहिए, जिसमें हमास का असैन्यीकरण, पुनर्निर्माण शुरू करना और पुनर्निर्माण फंड जारी करना शामिल है। दूसरा चरण कहां है?

पुनर्निर्माण असैन्यीकरण से जुड़ा है। लेकिन असैन्यीकरण (पहला चरण) अभी पूरा नहीं हुआ है। हमास अभी भी इस क्षेत्र में मौजूद है। गज़ा के निवासियों द्वारा आबाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर हमास का ही नियंत्रण है। इसलिए, पुनर्निर्माण शुरू नहीं हो सकता। मैं यह भी कहना चाहूँगा कि इस परिस्थिति में, बच्चों के पास करने के लिए कुछ नहीं है क्योंकि वे स्कूल नहीं जा रहे हैं। वे अपना दिन लकड़ी, कीलें और ऐसी चीजें इकट्ठा करने में बिताते हैं जिसे दोबारा इस्तेमाल किया जा सके या बेचा जा सके। लेकिन अगले सितंबर से, हम पवित्र परिवार पल्ली में अपना स्कूल फिर से खोलने की उम्मीद कर रहे हैं। हमें आशा है कि हम 1,000 बच्चों को स्कूल में दाखिला दे सकेंगे। इस तरह, वे अब सड़कों पर बेकार में अपना दिन नहीं बिताएंगे। उनके लिए फिर से सीखना शुरू करना जरूरी है। धीरे-धीरे, वे युद्ध के सदमे और आघात से उबरेंगे।

(अनुवाद - सिस्टर उषा मनोरमा तिरकी, डीएसए)

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

18 जुलाई 2026, 16:21