2026.06.13 रोजरी माला विन्ती 2026.06.13 रोजरी माला विन्ती 

एक नये अध्ययन से काथलिक विश्वास में बढ़ती रूचि का पता चला है

अमेरिका में एक अध्ययन में पाया गया है कि सच्चाई, उद्देश्य और समुदाय की खोज के कारण काथलिक धर्म में दिलचस्पी बढ़ रही है।

वाटिकन न्यूज

अमरीका, शनिवार, 20 जून 2026 (रेई) : अमेरिका के 20 काथलिक धर्मप्रांतों में वयस्कों की ख्रीस्तीय दीक्षा के ऑर्डर (OCIA) में 2,100 से अधिक प्रतिभागियों पर हुए एक नये राष्ट्रीय अध्ययन से पता चलता है कि काथलिक धर्म में लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है, खासकर, उन युवाओं में जो सच्चाई, उद्देश्य और आध्यात्मिक गहराई की तलाश में हैं।

18 जून को शिकागो धर्मप्रांत ने 19 दूसरे धर्मप्रांतों के साथ मिलकर यह सर्वे प्रकाशित किया। इस सर्वे में फरवरी और मई 2026 के बीच OCIA में हिस्सा लेनेवाले 2,127 लोगों के अनुभवों की जांच की गई। इसमें शामिल धर्मप्रांतों ने वयस्क विश्वास प्रशिक्षण कार्यक्रम में रिकॉर्ड स्तर पर हिस्सा लेने की बात कही।

अध्ययन में पाया गया कि चर्च आनेवाले लोग मुख्य रूप से दो बड़े कारणों से प्रेरित होते हैं: अच्छाई, सच्चाई, मन की शांति और मकसद की खोज, और काथलिक कलीसिया की धर्मविधियाँ, शिक्षा और दो हजार साल पुरानी परंपरा के प्रति आकर्षण।

जवाब देनेवालों में से 28 प्रतिशत ने कहा कि काथलिक धर्म की ओर अपनी यात्रा शुरू करने से पहले उनका किसी धर्म से कोई लेना-देना नहीं था, जबकि दूसरे प्रोटेस्टेंट समुदाय से थे या काथलिक थे जो अपनी पवित्र दीक्षा पूरी कर रहे थे।

सदगुण में बढ़ने की चाह

शोध में पाया गया कि आध्यात्मिक प्रेरणा, राजनीतिक या सामाजिक बातों से कहीं अधिक थी। 77 प्रतिशत ने अच्छाई में बढ़ने की इच्छा बताई, 76 प्रतिशत ने सच्चाई की गहरी समझ चाही, और 72 प्रतिशत ने अधिक मन की शांति की तलाश बताई।

अध्ययन ने डिजिटल सुसमाचार प्रचार की बढ़ती भूमिका पर भी जोर दिया। कई जवाब देनेवालों ने काथलिक धर्म को समझने में मदद के लिए प्रेयर ऐप्स, पॉडकास्ट, वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट जैसे ऑनलाइन सामग्रियों को श्रेय दिया।

इस बीच, कुछ प्रतिभागियों ने चर्च जाने में कई रुकावटें बताईं, खासकर Z पीढ़ी के सदस्यों के बीच। आम चिंताओं में आध्यात्मिक तैयारी न होना, पल्ली समुदाय में स्वीकृति को लेकर आश्वास्त न होना, और पवित्र मिस्सा में हिस्सा लेने को लेकर चिंता शामिल थी।

व्यक्तिगत सहयोग के लिए बुलावा

रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि धर्मप्रांतों और पल्लियों को व्यक्तिगत सहयोग, विश्वास की खोज के लिए स्पष्ट रास्ते और कलीसिया में स्वागत के बाद निरंतर प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। यह उन लोगों का साथ देने में तत्पर समुदाय बनाने के महत्व पर भी जोर देता है जो विश्वास में अपना पहला कदम उठा रहे हैं।

लेखकों के अनुसार, निष्कर्षों से पता चलता है कि आज बहुत से लोग काथलिक कलीसिया से मुख्य रूप से पारिवारिक परंपरा या विवाह के माध्यम से नहीं, बल्कि अर्थ, सच्चाई और ईश्वर के साथ गहरे रिश्ते की व्यक्तिगत खोज के माध्यम से संपर्क कर रहे हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

20 जून 2026, 15:25