खोज

राँची के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद मिशनरीस ऑफ चैरिटी आवास में क्रिसमस मनाते हुए राँची के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद मिशनरीस ऑफ चैरिटी आवास में क्रिसमस मनाते हुए 

भारत में क्रिसमस महोत्सव

“हम सब ईश्वर में आनंद मनायें, क्योंकि दुनिया में हमारे मुक्तिदाता का जन्म हुआ है”, कहते हुए काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष पोप लियो 14वें ने ख्रीस्त जयन्ती के आनन्द की घोषणा की। 25 दिसंबर को ख्रीस्तीय विश्वासी प्रभु येसु ख्रीस्त के जन्म दिवस पर क्रिसमस का महापर्व मनाते हैं। भारत के ख्रीस्तीयों ने ख्रीस्त जयन्ती की खुशी को विभिन्न रूपों में लोगों के बीच बांटा। राँची, उत्तराखण्ड और डालटेनगंज में क्रिसमस महोत्सव।

वाटिकन न्यूज

राँची काथलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने क्रिसमस की खुशी को मानसिक रूप से अस्वास्थ्य लोगों के साथ मनाया।

क्रिसमस प्रभु येसु के प्रेम, दया एवं शांति का पर्व है। साथ ही क्रिसमस गरीबों, हाशिए पर रहनेवाले लोगों एवं जरूरतमंदों पर ईश्वर की विशेष कृपा एवं दृष्टि का चिन्ह है क्योंकि प्रभु येसु ने तंगहाली एवं गरीब स्थिति में गौशाला में जन्म लेकर गरीबों के साथ सहानुभूति प्रदर्शित किया है। इसी दया एवं सहानुभूति को प्रदर्शित करते हुए महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने निर्मल हृदय में मानसिक रोगियों के साथ क्रिसमस मनाया।

संत मदर तेरेसा द्वारा स्थापित मिशनरीस ऑफ चैरिटी धर्मबहनों द्वारा संचालित इस निर्मल हृदय में मानसिक रूप से अस्वास्थ्य, विवाह पूर्व गर्भवती महिलाओं एवं अन्य प्रकार के शारीरिक विकलांगता से ग्रसित महिलाओं का प्रेमपूर्वक देखभाल किया जाता है। इसी निर्मल हृदय में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने क्रिसमस के अवसर पर पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित कर इनके साथ क्रिसमस मनाया। उन्होंने अपने धर्मोपदेश में कहा कि "प्रभु येसु का जन्म हमारे लिए एक चिन्ह है कि ईश्वर हमारे साथ हैं। बहुत सारे लोग अभी भी ईश्वर को नहीं जान पाए हैं इसलिए हम प्रत्येक को दूत बन कर प्रभु का संदेश दूसरों तक पहुंचाना है।" साथ ही उन्होंने देश के कुछेक राज्यों में क्रिसमस मनाने पर प्रतिबंध पर चिंता व्यक्त की एवं उनके लिए ईश्वर से प्रार्थना करने का आह्वान किया। मिस्सा के अंत में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने सभी लोगों में भोजन का वितरण कर क्रिसमस के आनंद में सहभागी हुए।

उतराखण्ड में क्रिसमस महोत्सव
उतराखण्ड में क्रिसमस महोत्सव

उत्तराखण्ड में क्रिसमस

उत्तराखण्ड में क्रिसमस को शांति, सद्भावना व प्रेम के पर्व के रूप में मनाया गया।

प्रेमधाम चर्च दमदेवल के फादर बीजु एम. जे. ने फोन पर बतलाया कि 26 दिसम्बर को कालाबड़ स्थित बिशप हाऊस में काथलिक समाज द्वारा क्रिसमस मिलन समारोह का आयोजन किया गया था।

गढ़वाल बिजनौर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष विनसेंट नरई परमबिल्ल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें क्रिसमस की शुभकामनाएँ दी। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रभु येसु का जन्म विश्व में मानवता के कल्याण के लिए हुआ था। क्रिसमस का यह पर्व प्रेम, शांति, सौहार्द आशा व मानवता का पर्व है जो हमें विश्वास के साथ आगे बढ़ने एवं आपसी मेल-मिलाप से रहने की प्रेरणा देता है। प्रभु येसु को हमारे उद्धार के लिए एक इंसान बनकर जन्म लेना और हमारे बीच आना पड़ा। धर्माध्यक्ष परमबिल्ल ने कहा कि हम भी इस दुनिया में मानव सेवा के लिए समर्पित हैं और इसी सेवा के द्वारा देश के निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं।

अतिथियों ने क्रिसमस को शांति, सद्भावना व प्रेम का पर्व बताते हुए काथलिक समाज द्वारा किये जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में केक काटकर, प्रार्थना एवं मनमोहक क्रिसमस भजनों द्वारा ख्रीस्त जयन्ती की खुशी मनायी गई।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु भूषण खंडूड़ी, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत, पूर्व महापौर हेमलता नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा बीरेंद्र सिंह रावत, खंड शिक्षाधिकारी अमित कुमार चन्द, डा.एएस. सामंत, महानगर अध्यक्ष कांग्रेस संजय मित्तल, ब्रह्मकुमारी सुमन दीदी, हरी सिंह पुंडीर, पार्षद आरती खर्कवाल, फादर जींस, फादर मैथ्यू, फादर बाबू, फादर जॉनी, फादर बीनू फादर सेवस्टीन, फादर जार्ज, फादर जान फ्रांसिस, सिस्टर चैतन्या, सिस्टर मारिया, सिस्टर मर्सिना, सिस्टर संध्या, सिस्टर लिनेट, सिस्टर संगीता, ब्रदर तथा पास्टरगण समेत अनेक अतिथिगण मौजूद रहे।

डालटेनगंज में क्रिसमस का महोत्सव
डालटेनगंज में क्रिसमस का महोत्सव

डाल्टनगंज में क्रिसमस

डाल्टनगंज धर्मप्रान्त ने बड़ी खुशी और उल्लास के साथ क्रिसमस का महोत्सव मनाया, जिसमें त्योहार की सच्ची भावना दिखाई दी। पूरे डाल्टनगंज शहर में यह घोषणा गूंज रही थी कि "येसु मसीह, दुनिया के मुक्तिदाता, पूरी मानवजाति के लिए पैदा हुए हैं।

डाल्टनगंज के माननीय धर्माध्यक्ष थियोदोर मस्कारेनहास एसएफएक्स ने येसु की विनम्रता, मिलनसारिता और शांति की शिक्षाओं पर जोर दिया, और सभा को याद दिलाया कि मसीह का जन्म सभी मनुष्यों के लिए एक तोहफा है, चाहे उनका रंग, संस्कृति, भाषा या दर्जा कुछ भी हो। यह कार्यक्रम अपनी अंतर-धार्मिक भागीदारी के लिए खास रहा, जिसमें हिंदू, मुस्लिम, सिख और सरना धर्मों के नेताओं ने मंच साझा किया।

निम्नलिखित धर्मों के नेताओं ने इस अवसर पर एकता और शांति को बढ़ावा दिया:

- श्री प्रभु नारायण पाठक (हिंदू)

- मोहम्मद सेराज अखमल (मुस्लिम)

- श्री सुंदर सिंह रागी (सिख)

- श्री सुनील उरांव (सरना)

उनकी उपस्थिति ने इस संदेश को रेखांकित किया कि येसु सभी लोगों के लिए एकता, भाईचारा और शांति लाते हैं।

गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में उत्सव पूरे जोर-शोर से मनाया गया। अतिथि वक्ताओं में झारखंड की कृषि मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की,श्री बन्धु तिर्की और मणिका के विधायक श्री रामचंद्र सिंह शामिल थे। शांति की महारानी महागिरजाघर से साधना सदन, चियांकी तक लगभग 4,000 श्रद्धालुओं का एक भव्य जुलूस उत्सव का मुख्य आकर्षण रहा। जिसमें बिशप स्वामीजी और गणमान्य धर्मगुरुओं के अलावा डाल्टनगंज धर्मप्रान्त के विकार जेनरल फादर संजय गिद्ध, फादर अजय मिंज एस जे, फादर एंटनी फर्नांडिस, फादर राजेश बारला सी एम एफ, फादर संतोष एक्का और अन्य पुरोहित गण डिकन संजीवन, डिकन बीरबल डीकन समीर और सीड्स ऑफ होप और बियानी माइनर सेमिनरी चियाकी से 120 सेमिनारी छात्र तथा विभिन्न धर्म समाज से कई धर्मबहनें और पूरे धर्मप्रान्त से भाई बहनें शामिल हुए।

कार्यक्रम का समापन श्रद्धेय बिशप थियोडोर मस्कारेनहास एसएपएक्स की प्रार्थना से हुआ। उन्होंने सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए सभी को धन्यवाद दिया और आयोजन समिति को इतने बड़े कार्यक्रम को इतनी बारीकी से आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया। फिर सभी को स्वादिष्ट भोजन कराया गया।

बिशप थियोडोर ने इस उत्सव ने मुख्य संदेश पर जोर दिया: "दूसरों की विनम्र सेवा ही बालक येसु का सच्चा तोहफा है।"

डाल्टेनगंज में क्रिसमस महोत्सव
डाल्टेनगंज में क्रिसमस महोत्सव

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

27 दिसंबर 2025, 16:32